गाजियाबाद: बहुमंजिला इमारतों और हाईराइज सोसायटियों में लिफ्ट की सुरक्षा को लेकर विद्युत सुरक्षा विभाग ने निगरानी तेज कर दी है. जिले में करीब डेढ़ हजार लिफ्ट ऐसी हैं, जिनका अब तक रजिस्ट्रेशन नहीं कराया गया है. विद्युत विभाग की ओर से इनके संचालकों और संबंधित परिसर प्रबंधन को नोटिस भेज कर रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए जा रहे हैं. वहीं, जिले में करीब 3500 लिफ्ट पंजीकृत है. विभाग का कहना है की लिफ्ट का सुरक्षित संचालन सुनिश्चित करने के लिए नियमित निरीक्षण के साथ शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई की जा रही है.
विद्युत सुरक्षा विभाग के सहायक निदेशक सौरभ कुमार सिंह के मुताबिक, जिले में संचालित लिफ्टों का पंजीकरण निर्धारित नियमों के तहत करना जरूरी है. इसके बावजूद बड़ी संख्या में लिफ्ट बिना रजिस्ट्रेशन के संचालित हो रही हैं. ऐसे परिसरों को चिन्हित कर नोटिस जारी किए जा रहे हैं, ताकि पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी कराई जा सके. विभाग की प्राथमिकता केवल लिफ्टों का रजिस्ट्रेशन करना नहीं बल्कि उनमें सुरक्षा के सभी जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करना भी है.

