गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जनता दर्शन कार्यक्रम; प्रदेशवासियों को दी गोवर्धन पूजा की बधाई - TV News Today
उत्तर प्रदेश

गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जनता दर्शन कार्यक्रम; प्रदेशवासियों को दी गोवर्धन पूजा की बधाई

उत्तर प्रदेश: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर प्रवास के दौरान सोमवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन में लोगों से मुलाकात की. सीएम ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और निस्तारण के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया.

इसके साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोवर्धन पूजा के अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं. उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा गौ संरक्षण के लिए चलाई जा रही योजनाओं का भी जिक्र किया. कहा कि प्रदेश में तीन महत्वपूर्ण योजनाएं चलाई जा रही हैं.

जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने जनता की समस्याओं पर त्वरित संवेदनशीलता दिखाएं और तेज कार्रवाई करते हुए गुणवत्तापूर्ण व संतुष्टिपरक समाधान सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए. समस्या लेकर पहुंचे लोगों को मुख्यमंत्री ने आश्वस्त करते हुए कहा कि चिंता मत करिए. सरकार हर समस्या पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित कराएगी.

मुख्यमंत्री जनता दर्शन के दौरान 125 लोगों से मिले. महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने लगी कुर्सियों पर बैठाए गए लोगों तक मुख्यमंत्री खुद चलकर पहुंचे. एक-एक कर उनकी समस्याओं को सुना और उनके प्रार्थना पत्र लिए.

उन्होंने पास में खड़े अधिकारियों को समस्या समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. समस्याओं के निस्तारण के लिए उन्होंने संबंधित प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को प्रार्थना पत्र संदर्भित कर निर्देशित किया कि सभी समस्याओं का निस्तारण पूरी संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध, निष्पक्ष और संतुष्टिपरक होना चाहिए.

जनता दर्शन में हर बार की तरह कुछ लोग इलाज के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर आए थे. मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिया कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा.

उन्होंने अफसरों को निर्देश दिया कि जो भी जरूरतमंद हैं, प्रशासन उनके उच्चस्तरीय इलाज का एस्टीमेट शीघ्रता से बनवाकर उपलब्ध कराए. एस्टीमेट मिलते ही सरकार तुरंत धन उपलब्ध कराएगी. जनता दर्शन में कुछ महिलाएं अपने बच्चों के साथ पहुंची थीं. मुख्यमंत्री ने बच्चों को प्यार, दुलार और आशीर्वाद के साथ चॉकलेट भी दी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *