उत्तर प्रदेश: पुलिस विभाग के लिए आज का दिन खास रहा. प्रदेश पुलिस को 4543 नए सब इंस्पेक्टर मिलने जा रहे हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ की रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश पुलिस में चयनित 4543 सब इंस्पेक्टरों को नियुक्ति पत्र दिए है.
इस दौरान मुख्यमंत्री ने चयनित अभ्यर्थियों का हौसला बढ़ाया और उनसे भर्ती प्रक्रिया को लेकर सीधे सवाल भी किए. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अभ्यर्थियों से पूछा कि नौकरी पाने के लिए उन्हें किसी की सिफारिश तो नहीं लगवानी पड़ी? क्या भर्ती प्रक्रिया के दौरान किसी ने उनसे पैसे मांगे या लेनदेन किया.
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) November 5, 2026
उन्होंने यह भी पूछा कि क्या किसी ने धौंस दिखाकर नियुक्ति पत्र हासिल करने का दबाव बनाया? मुख्यमंत्री के इन सवालों पर अभ्यर्थियों ने जवाब दिया कि उनके साथ ऐसा कुछ नहीं हुआ और उन्हें बिना किसी लेनदेन के नौकरी मिली है.
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल और सरोजनीनगर से विधायक राजेश्वर सिंह भी मौजूद रहे.
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने युवाओं को नौकरी देने का जो वादा किया था, उसे लगातार पूरा किया जा रहा है. अभी और नियुक्ति पत्र बांटे जाएंगे. सरकार उत्तर प्रदेश को विकास के रास्ते पर आगे ले जाने के लिए लगातार काम कर रही है.
इन सब इंस्पेक्टरों की भर्ती प्रक्रिया का परिणाम जुलाई 2026 में घोषित किया गया था. अब नियुक्ति-पत्र मिलने के बाद चयनित अभ्यर्थी जल्द ही पुलिस विभाग में अपनी सेवाएं शुरू करेंगे. इससे प्रदेश पुलिस को नए सब इंस्पेक्टर मिलेंगे और पुलिस बल की संख्या बढ़ेगी.

