गाजियाबाद: मतदाता सूची को अपडेट करने के लिए गाजियाबाद में 17 नवंबर से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान शुरू होने जा रहा है. इसके तहत 17 से 30 नवंबर तक बूथ लेवल अधिकारी घर घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन करेंगे. इस दौरान परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम मतदाता सूची में दर्ज है या नहीं इसकी जांच की जाएगी.
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि वह अपने और परिवार के प्रत्येक पात्र सदस्य का नाम मतदाता सूची में जरूर जांच लें ताकि कोई भी योग्य नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रह सके.
जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने बताया कि मतदाता सूची में नाम की स्थिति जानने के लिए लोगों को सरकारी कार्यालय के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है. निर्वाचन आयोग का आधिकारिक ECI नेट मोबाइल एप डाउनलोड कर घर बैठे अपना नाम मतदाता सूची में चेक कर सकते हैं. यह एप्लीकेशन गूगल प्ले स्टोर और एप्पल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है. ऐप में मतदाता सूची में ‘अपना नाम खोजें’ विकल्प के जरिए मतदाता अपनी जानकारी देख सकते हैं. इसके अलावा आवेदन की स्थिति जानने और अपने क्षेत्र के बीएलओ से संपर्क करने की सुविधा भी मिलेगी.
अभियान के दौरान ऐसे युवाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा जिनकी उम्र 18 वर्ष या उससे अधिक हो चुकी है लेकिन अभी तक उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है. ऐसे पात्र नागरिक फॉर्म 6 भर कर मतदाता सूची में अपना नाम शामिल करने के लिए आवेदन कर सकते हैं. आवेदन ऑनलाइन या अपने क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारी के माध्यम से जमा किया जा सकता है. जिला निर्वाचन अधिकारी ने युवाओं और विद्यार्थियों से अपील की है कि वह इस प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें.
जिलाधिकारी ने जिले की सभी अपार्टमेंट ओनर एसोसिएशन, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन, विद्यार्थियों और आम नागरिकों से अभियान में सहयोग करने की अपील की है. जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम होना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए जरूरी है. इसके लिए लोग अपने परिवार के सदस्यों के साथ-साथ आसपास रहने वाले पत्र नागरिकों को भी जागरूक करें. 17 से 30 नवंबर के बीच BLO के घर पहुंचने पर उन्हें आवश्यक जानकारी और सहयोग उपलब्ध कराएं..
घर बैठे अपना नाम इन माध्यमों से आसानी से जांचें
1. ECINET मोबाइल ऐप के माध्यम से.
2. निर्वाचन आयोग के सिटिजन सर्विस पोर्टल पर जाकर. https://voters.eci.gov.in
यदि आपका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है और आप पात्र हैं, तो फॉर्म-6 भरकर अपना पंजीकरण अवश्य कराएं.
विधानसभा क्षेत्रवार ई०आर०ओ० संपर्क नंबर
लोनी (53) – 9211085687
मुरादनगर (54) – 91199 41876
साहिबाबाद (55) – 9650453405
गाजियाबाद (56) – 87963 96176
मोदीनगर (57) – 9454416779
जनपद मतदाता हेल्पलाइन: 0120-1950

