उत्तर प्रदेश: राजधानी लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर एक भव्य कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘योगी की पाती’ कॉफी टेबल बुक का आधिकारिक विमोचन किया. इस अवसर पर ‘योगी की पाती’ के सफल 50 सप्ताह पूरे होने पर संवाद यात्रा पर आधारित एक विशेष प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया गया. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने भावुक अंदाज में कहा कि सार्वजनिक जीवन में उन्हें 29 वर्ष हो चुके हैं और उनके लिए पूरा उत्तर प्रदेश ही उनका परिवार है, तथा प्रदेश के 25 करोड़ नागरिक उनके अपने परिवार का हिस्सा हैं.
संवाद यात्रा के 50 सप्ताह पूरे होने पर अपने संस्मरण साझा करते हुए सीएम योगी ने कहा कि यह सफर इतनी तेजी से बीत गया कि पता ही नहीं चला कि कब 50 सप्ताह पूरे हो गए. उन्होंने कहा कि यह ‘पाती’ सिर्फ एक पत्र नहीं, बल्कि आम जनमानस की भावनाओं की सच्ची आवाज बन चुकी है. पूर्व की सरकारों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पहले लोग भूख से दम तोड़ने को मजबूर थे, लेकिन उनकी सरकार ने हर चुनौती का डटकर मुकाबला किया और प्रदेश को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा.
उत्तर प्रदेश के 25 करोड़ प्रदेश वासियों के साथ संवाद की आत्मीय और अनूठी यात्रा के स्वर्णिम 50 सप्ताह के उपलक्ष्य में प्रकाशित 'योगी की पाती' कॉफी टेबल बुक का आज लखनऊ में विमोचन किया। साथ ही, संवाद यात्रा पर आधारित प्रदर्शनी का वर्चुअल उद्घाटन भी हुआ।
हमने इस पाती के माध्यम से… pic.twitter.com/Ki11j4Wfjz
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) November 16, 2026
वंचितों और उपेक्षित समाजों के अधिकारों की बात करते हुए मुख्यमंत्री ने वनटांगिया और मुसहर समाज का विशेष रूप से जिक्र किया. उन्होंने कहा कि दशकों तक वनटांगिया समाज के लोग खानाबदोश की जिंदगी जीने को मजबूर थे और उनका लगातार शोषण होता था. उन्होंने याद किया कि कैसे उन्होंने वनटांगिया और मुसहर समाज के अधिकारों के लिए लंबी लड़ाई लड़ी और अंततः उन्हें उनका बनता हक और सम्मान दिलाया. इस दौरान कार्यक्रम में शासन-प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे.

