उत्तर प्रदेश गाजियाबाद: बहुमंजिला इमारतों में डेढ़ हजार लिफ्टें बिना रजिस्ट्रेशन हो रही संचालित, हजारों लोगों की सुरक्षा पर सवाल
उत्तर प्रदेश

गाजियाबाद: बहुमंजिला इमारतों में डेढ़ हजार लिफ्टें बिना रजिस्ट्रेशन हो रही संचालित, हजारों लोगों की सुरक्षा पर सवाल

गाजियाबाद: बहुमंजिला इमारतों और हाईराइज सोसायटियों में लिफ्ट की सुरक्षा को लेकर विद्युत सुरक्षा विभाग ने निगरानी तेज कर दी है. जिले में करीब डेढ़ हजार लिफ्ट ऐसी हैं, जिनका अब तक रजिस्ट्रेशन नहीं कराया गया है. विद्युत विभाग की ओर से इनके संचालकों और संबंधित परिसर प्रबंधन को नोटिस भेज कर रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए जा रहे हैं. वहीं, जिले में करीब 3500 लिफ्ट पंजीकृत है. विभाग का कहना है की लिफ्ट का सुरक्षित संचालन सुनिश्चित करने के लिए नियमित निरीक्षण के साथ शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई की जा रही है.

विद्युत सुरक्षा विभाग के सहायक निदेशक सौरभ कुमार सिंह के मुताबिक, जिले में संचालित लिफ्टों का पंजीकरण निर्धारित नियमों के तहत करना जरूरी है. इसके बावजूद बड़ी संख्या में लिफ्ट बिना रजिस्ट्रेशन के संचालित हो रही हैं. ऐसे परिसरों को चिन्हित कर नोटिस जारी किए जा रहे हैं, ताकि पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी कराई जा सके. विभाग की प्राथमिकता केवल लिफ्टों का रजिस्ट्रेशन करना नहीं बल्कि उनमें सुरक्षा के सभी जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करना भी है.

लिफ्ट में तकनीकी खराबी, यात्रियों के फंसने या सुरक्षा मानकों में कमी से संबंधित शिकायतों को विभाग गंभीरता से ले रहा है. शिकायत प्राप्त होने पर संबंधित टीम को मौके पर जांच के लिए भेजा जा रहा है. इस दौरान लिफ्ट में निर्धारित सुरक्षा मानको और तकनीकी व्यवस्थाओं की पड़ताल की जा रही है. इसमें ऑटोमेटिक रेस्क्यू डिवाइस, फायर सेफ्टी और अन्य जरूरी सुरक्षा उपकरणों की स्थिति की जांच की जा रही है.

सहायक निदेशक सौरभ कुमार सिंह के मुताबिक कई बार बिजली आपूर्ति बाधित होने या तकनीकी खराबी आने पर लोग लिफ्ट के अंदर फस जाते हैं. ऐसी परिस्थितियों में ही ऑटोमेटिक रेस्क्यू डिवाइस सिस्टम महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. यह सिस्टम बिजली बाधित होने की स्थिति में लिफ्ट को नजदीकी फ्लोर तक पहुंचने में मदद करता है. हालांकि, कई मामलों में सिस्टम की बैटरी खराब होने या सही तरीके से काम नहीं करने के कारण यह व्यवस्था प्रभावी साबित नहीं होती है. ऐसे में निरीक्षण के दौरान बैटरी की स्थिति और सिस्टम की कार्यक्षमता की बीच जांच की जा रही है.

आवश्यक सुधार करने की निर्देश

विद्युत सुरक्षा विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, प्रत्येक महीने करीब 200 लिफ्टों की जांच की जा रही है. इसके लिए रोस्टर और रेंडमाइजेशन के आधार पर परिसरों का चयन किया जाता है. विभाग का लक्ष्य है कि हर महीने करीब 40 परिसरों में लिफ्ट का निरीक्षण किया जाए. जांच के दौरान सुरक्षा मानको में कमी मिलने पर संबंधित प्रबंधन को आवश्यक सुधार करने की निर्देश दिए जाते हैं. नियमों के अनुरूप लिफ्ट का संचालन नहीं होने पर नोटिस जारी किए जा रहे हैं.

विभाग की ओर से हाईराइज सोसायटियों और बहु मंजिला परिसरों के प्रबंधन को लिफ्ट संचालन के दौरान विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं. परिसरों में लिफ्ट टेक्नीशियन या ऑपरेटर की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति में लिफ्ट में मौजूद लोगों को तत्काल सहायता मिल सके.

जिलाधिकारी की ओर से जिले में लिफ्टों का सुरक्षित संचालन सुनिश्चित करने के लिए सिटी मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता में कमेटी गठित की गई है. यदि बार-बार नोटिस दिए जाने के बावजूद को कोई सोसाइटी या परिसर प्रबंधन लिफ्ट का पंजीकरण नहीं करता है या सुरक्षा संबंधी कमियों को दूर नहीं करता है तो उसकी जानकारी कमेटी को दी जाती है, जिसके बाद नियम अनुसार आवश्यक कार्रवाई कमेटी द्वारा की जा रही सकती है. विभाग का कहना है की लिफ्ट से जुड़ी दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पंजीकरण नियमित तकनीक की जांच और सुरक्षा उपकरणों का दुरुस्त होना जरूरी है.

Exit mobile version