नोएडा: . बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को मंच देने और कला को समाजसेवा से जोड़ने के उद्देश्य से नोएडा लोक मंच एवं नोएडा प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में ‘नोएडा चित्रकला उत्सव–इंद्रधनुष अंतरविद्यालय प्रतियोगिता, सीजन-5’ का आयोजन 26 नवंबर 2026 को शिवालिक पार्क, सेक्टर-33, नोएडा में किया जाएगा.
इस आयोजन के संबंध में आज शनिवार, 21 नवंबर को दोपहर 12 बजे सेक्टर-15 स्थित नोएडा लोक मंच कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई, जिसमें नोएडा शहर के लगभग 30 पत्रकारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रतियोगिता के प्रारूप, विभिन्न श्रेणियों, तैयारियों और भविष्य की योजनाओं से संबंधित विस्तृत जानकारी साझा की गई.
9 समूहों में होगी प्रतियोगिता, हर वर्ग को मिलेगा अवसर
आयोजन की प्रमुख स्तंभ श्रीमती राजेश्वरी त्यागी राजन ने इंद्रधनुष की परिकल्पना एवं इसकी अब तक की यात्रा के बारे में जानकारी दी. श्रीमती इंदिरा चौधरी ने बताया कि इस बार प्रतियोगिता को 9 समूहों में विभाजित किया गया है. इसमें सरकारी स्कूल, बस्ती के स्कूल, पब्लिक स्कूल, सेमी-पब्लिक स्कूल, NGO द्वारा संचालित स्कूल और प्राइवेट स्कूलों के विद्यार्थियों को शामिल किया गया है. इसके अतिरिक्त शिक्षकों के लिए एक अलग वर्ग तथा इस वर्ष पहली बार वरिष्ठ नागरिकों के लिए भी एक विशेष श्रेणी रखी गई है.

इस पहल का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग और हर आयु समूह को कला के एक साझा मंच पर लाना है, ताकि आर्थिक एवं सामाजिक परिस्थितियां किसी की रचनात्मक प्रतिभा के प्रदर्शन में बाधा न बनें.
लगभग 5,000 प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद
आयोजकों ने बताया कि पिछले आयोजनों के अनुभव और इस वर्ष मिल रहे उत्साहजनक प्रतिसाद को देखते हुए इस बार लगभग 5,000 बच्चों के प्रतियोगिता में भाग लेने की उम्मीद है. विभिन्न विद्यालयों से लगातार प्रविष्टियां प्राप्त हो रही हैं तथा स्कूलों के साथ समन्वय का कार्य जारी है.
500 से अधिक प्रतिभाओं का सम्मान और विशेष आर्ट गैलरी
नोएडा लोक मंच के महासचिव श्री महेश सक्सेना ने बताया कि आयोजन के बाद 500 से अधिक प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा तथा प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे. विजेता बच्चों की चयनित कलाकृतियों की विशेष आर्ट गैलरी भी तैयार की जाएगी. इच्छुक कला प्रेमी स्वैच्छिक अनुदान देकर इन कलाकृतियों को प्राप्त कर सकेंगे. प्राप्त राशि का उपयोग आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों की शिक्षा और चिकित्सा सहायता जैसे सामाजिक कार्यों में किया जाएगा.
उन्होंने कहा कि इंद्रधनुष को केवल एक दिन की चित्रकला प्रतियोगिता तक सीमित न रखकर एक व्यापक सामाजिक एवं सांस्कृतिक अभियान के रूप में विकसित करना संस्था का लक्ष्य है.
पत्रकारों एवं वॉलंटियर्स की रही सक्रिय सहभागिता
प्रेस कॉन्फ्रेंस में डॉ. रामचरण गौर, श्रीमती विभा बंसल, श्रीमती रंजू माथुर, श्रीमती रेनू छिब्बर, श्री मुकुल बाजपेयी सहित अन्य वॉलंटियर्स ने भी आयोजन के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार रखे. कार्यक्रम का संचालन कवि एवं सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़े श्री विनोद पांडेय ने किया. उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से इस रचनात्मक पहल को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की. अंत में श्रीमती लीका सक्सेना ने सभी पत्रकारों एवं उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया.