दिल्‍ली-एनसीआर दिल्ली में 11 किलोमीटर लंबे छठ घाट का सीएम रेखा गुप्ता और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने किया उद्घाटन
दिल्‍ली-एनसीआर

दिल्ली में 11 किलोमीटर लंबे छठ घाट का सीएम रेखा गुप्ता और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने किया उद्घाटन

दिल्ली: राजधानी दिल्ली में छठ महापर्व की तैयारियों के बीच मुनक नहर ने एक नई पहचान हासिल की है. कभी कूड़े, मलबे व झाड़ियों से घिरी रहने वाली मुनक नहर का करीब 11 किलोमीटर लंबा हिस्सा अब छठ पूजा के लिए विकसित किए गए भव्य घाट के रूप में तैयार किया गया है. गुरुवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन व दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस घाट का उद्घाटन किया.

इस दौरान बीजेपी जल मंत्री प्रवेश वर्मा, केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा के साथ कई विधायक व नेता मौजूद रहे. यह परियोजना सिर्फ छठ पूजा के लिए घाट बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि दिल्ली में पूर्वांचल की सांस्कृतिक पहचान, लोक आस्था व सार्वजनिक सुविधाओं को एक साथ जोड़ने की कोशिश भी है. नहर के इस हिस्से को साफ कर दोनों किनारों पर पक्की सीढ़ियां, सड़कें व श्रद्धालुओं के लिए जरूरी सुविधाएं विकसित की गई हैं.

उद्घाटन के दौरान सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि करीब 115 करोड़ रुपये की लागत से इस भव्य परियोजना को विकसित किया गया है. वर्षों से उपेक्षित इस क्षेत्र को आस्था व जनसुविधाओं के बड़े केंद्र के रूप में तैयार किया जा रहा है. घाट पर पक्की सीढ़ियां, शानदार फव्वारे, रोशनी व पार्क विकसित किए जा रहे हैं. इस परियोजना को समय पर पूरा कराने के लिए वह खुद कई बार मौके पर पहुंचीं व अधिकारियों के साथ लगातार निगरानी की. सरकार ने पूर्वांचल के लोगों से वादा किया था कि वे इसी स्थान पर छठ पूजा करेंगे और सूर्यदेव को अर्घ्य दे सकेंगे.

उन्होंने बताया कि इंद्रलोक मेट्रो स्टेशन से आउटर रिंग रोड होते हुए यूईआर-2 तक एलिवेटेड रोड बनाने के लिए करीब 5,000 करोड़ रुपये की लागत का डीपीआर तैयार किया गया है. इसे केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा को सौंपा गया है. परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र में यातायात का दबाव कम करने में मदद मिलेगी. साथ ही दावा किया कि दिल्ली की प्रत्येक विधानसभा में 100 करोड़ रुपये या उससे अधिक के विकास कार्य कराए जा रहे हैं, जबकि कुछ क्षेत्रों में 150 से 200 करोड़ रुपये तक के काम चल रहे हैं. साथ ही कहा कि दिल्ली में 1,465 छठ समितियों के माध्यम से श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्थाएं की जा रही हैं. उन्होंने छठ की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह खुद भी विभिन्न घाटों पर जाकर व्रतियों के साथ छठ पर्व मनाएंगी और सूर्यदेव को अर्घ्य देंगी.

कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने भगवान श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल उठाए थे, वे छठी मैया, गंगा मैया व यमुना मैया की महत्ता को क्या समझेंगे. कुछ लोगों के लिए गंगा, यमुना व नहर का पानी हो सकता है, लेकिन भारतीय संस्कृति में ये पूजा व आराधना का विषय हैं. छठ केवल पूजा नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, प्रकृति व सामूहिकता से जुड़ा महापर्व है.

उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा भी था, जब भारतीय सनातन परंपराओं, पूजा पद्धतियों व संस्कृति पर सवाल उठाए जाते थे. छठी मैया की पूजा करने वाले लोगों के लिए नदियों व जलस्रोतों का धार्मिक महत्व है. ऐसे में उनकी स्वच्छता व पवित्रता बनाए रखना भी एक संकल्प है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री के निर्देश पर दिल्ली सरकार यमुना को स्वच्छ व निर्मल बनाने की दिशा में काम कर रही है. जल्द ही यमुना को स्वच्छ बनाकर वहां भी छठ महापर्व का आयोजन किया जा सकेगा.

पूर्वांचल की संस्कृति को सम्मान देने का दावा

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि बिहार व पूर्वांचल के लोग देश के अलग-अलग राज्यों में रहकर वहां के विकास में अपना योगदान देते हैं. दिल्ली में भी बड़ी संख्या में पूर्वांचल के लोग रहते हैं और छठ उनके लिए आस्था का सबसे बड़ा पर्व है. दिल्ली में भाजपा की सरकार बनने के बाद पूर्वांचल के लोगों को छठ महापर्व मनाने से न तो कोई रोक पाएगा और न ही टोक पाएगा. दिल्ली सरकार ने उनकी संस्कृति, परंपरा व पूजा पद्धति को सम्मान दिया है. उन्होंने मुनक नहर के किनारे विकसित किए गए छठ घाट की व्यवस्था के लिए मुख्यमंत्री व उनकी पूरी टीम को बधाई दी.

छठ को बताया प्रकृति व स्वच्छता का महापर्व

नितिन नबीन ने छठ की धार्मिक परंपराओं का उल्लेख करते हुए कहा कि यह प्रकृति की उपासना का पर्व है. इसमें डूबते व उगते दोनों सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है. यह महापर्व अनुशासन, शुद्धता व पवित्रता के साथ जीवन जीने की सीख देता है. उन्होंने कहा कि छठ में इस्तेमाल होने वाले फल, सब्जियां व अन्य कृषि उत्पाद किसानों के परिश्रम से जुड़े होते हैं. ये पर्व किसानों व प्रकृति के प्रति सम्मान का भाव भी पैदा करता है. जिस तरह व्रती चार दिनों तक विशेष स्वच्छता व नियमों का पालन करते हैं, उसी तरह पूरे साल जीवन में स्वच्छता को अपनाना चाहिए. इससे दिल्ली को भी स्वच्छ व सुंदर बनाने में मदद मिलेगी.

शीशमहल का जिक्र कर आम आदमी पार्टी पर हमला

अपने संबोधन के दौरान नितिन नबीन ने दिल्ली की पूर्ववर्ती सरकार पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों में जनता के पैसे का इस्तेमाल जनहित के बजाय अपने लिए शीशमहल बनाने व अन्य कार्यों में किया जाता था, जबकि वर्तमान सरकार सड़क, परिवहन व गरीबों के लिए सुविधाएं विकसित करने पर काम कर रही है. उन्होंने अटल कैंटीन में पांच रुपये में भोजन, महिलाओं के लिए बस सेवा व आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं का उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि जनता के एक वोट से गरीबों व जरूरतमंदों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचता है.

Exit mobile version