दिल्‍ली-एनसीआर नोएडा: कपड़ा एक्सपोर्ट कंपनी में भीषण आग, छह दमकल गाड़ियों ने पाया काबू
दिल्‍ली-एनसीआर

नोएडा: कपड़ा एक्सपोर्ट कंपनी में भीषण आग, छह दमकल गाड़ियों ने पाया काबू

नोएडा: सेक्टर 63 स्थित कपड़ा एक्सपोर्ट कंपनी होरीशा ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड में देर रात अचानक भीषण आग लगने से अफरा तफरी मच गई. कंपनी के एक फ्लोर पर आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं. आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल की छह गाड़ियों को बुलाया गया. दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया. राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई.

 

मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौतमबुद्धनगर प्रदीप चौबे ने बताया कि देर रात कंपनी के एक फ्लोर पर आग लगने की सूचना मिली थी. इसके बाद फायर सर्विस की टीमों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया. मौके पर पहुंची छह दमकल गाड़ियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया. टीमों ने तत्परता दिखाते हुए आग को फैलने से रोक दिया और कुछ देर की मशक्कत के बाद उस पर पूरी तरह काबू पा लिया.

सीएफओ के मुताबिक, घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. आग बुझाने के बाद एहतियात के तौर पर दमकलकर्मियों ने मौके पर निगरानी भी रखी. फिलहाल आग लगने के कारणों और कंपनी में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है.

इससे पहले अक्‍टूबर माह के अंति‍म सप्‍ताह में नोएडा के थाना सेक्टर 126 के करीब एक कैंटीन में भीषण आग लग गई. आग की चपेट में 5-6 दुकानें पूरी तरह से जलकर खाक हो गई. मौके पर स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम पहुंचकर आग बुझाने का काम शुरू किया. इस घटना में एक की मौत हो गई है.

बता दें क‍ि इस बार दीपावली पर राजधानी दिल्ली में आग व अन्य आपातकालीन घटनाओं से निपटने के लिए दमकल विभाग पूरी तरह मुस्तैद रहा. आतिशबाजी व अन्य कारणों से रविवार को दीपावली के दिन बड़ी संख्या में आगे की घटनाएं भी दर्ज की गई. हालांक‍ि दिल्ली फायर सर्विस के जवान 140 से अधिक स्थानों पर पूरी रात मुस्तैद रहे और हर छोटी बड़ी सूचना पर मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया.

Exit mobile version