दिल्‍ली-एनसीआर एक दिया भारत माता के नाम’ कार्यक्रम में पूर्व शिक्षक सुभाष भाटिया सम्मानित, पुरातन छात्र परिषद ने मनाया दीपावली मिलन समारोह
दिल्‍ली-एनसीआर

एक दिया भारत माता के नाम’ कार्यक्रम में पूर्व शिक्षक सुभाष भाटिया सम्मानित, पुरातन छात्र परिषद ने मनाया दीपावली मिलन समारोह

दिल्ली:  डीएवी विद्यालय, गांधी नगर में पुरातन छात्र परिषद की ओर से दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘एक दिया भारत माता के नाम’ रहा. इस अवसर पर विद्यालय के पूर्व अध्यापक सुभाष भाटिया को उनके शैक्षिक योगदान और विद्यार्थियों के जीवन में उनके मार्गदर्शन के लिए सम्मानित किया गया. समारोह में विद्यालय के 57 पूर्व छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पुराने दिनों की यादें साझा करते हुए राष्ट्र, समाज और अपने विद्यालय के प्रति जिम्मेदारियों पर विचार रखे.

कार्यक्रम में मंचासीन अतिथियों के रूप में पूर्व अध्यापक सुभाष भाटिया, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्वी विभाग प्रचारक मनोहर, गांधी नगर जिला संघचालक सरदार इंद्रजीत सिंह, डीएवी विद्यालय के चेयरमैन नरेश शर्मा, आचार्य सतीश शर्मा तथा पर्यावरण गतिविधि दिल्ली प्रांत के विकास पंचाल उपस्थित रहे.

समारोह का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ. सर्वप्रथम भारत माता के समक्ष दीप जलाकर राष्ट्र के प्रति समर्पण और सम्मान का संदेश दिया गया. इसके बाद भगवान श्रीराम के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर दीपावली पर्व की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक महत्ता को स्मरण किया गया.

कार्यक्रम के दौरान पूर्व छात्र एवं पत्रकार दिनेश वत्स ने विद्यालय में बिताए अपने छात्र जीवन की यादें साझा कीं. उन्होंने अपने अनुभवों को कविता के माध्यम से भी प्रस्तुत किया. पूर्व छात्र राजीव जैन ने ‘भारत माता की जय’ उद्घोष के वास्तविक अर्थ और उसके पीछे छिपी राष्ट्रभक्ति की भावना को विस्तार से समझाया.

पूर्व छात्र सतीश यादव ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के संदर्भ में अपने विचार रखते हुए 29 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाले राष्ट्र वंदन कार्यक्रम को लेकर चर्चा की. उन्होंने ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज में राष्ट्रीय चेतना और एकता को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया.

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्वी विभाग प्रचारक मनोहर ने पूर्व छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को यह विचार करना चाहिए कि वह अपने विद्यालय के लिए क्या योगदान दे सकता है. विद्यालय केवल शिक्षा प्राप्त करने का स्थान नहीं होता, बल्कि यह व्यक्ति के व्यक्तित्व, संस्कार और जीवन की दिशा निर्धारित करने वाला महत्वपूर्ण केंद्र भी है. उन्होंने पूर्व छात्रों से विद्यालय के विकास और उसकी प्रतिष्ठा को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया.

गांधी नगर जिला संघचालक सरदार इंद्रजीत सिंह ने कहा कि जीवन का उद्देश्य केवल अपने लिए जीना नहीं, बल्कि देश और समाज के लिए भी समर्पित रहना होना चाहिए. उन्होंने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की प्रेरणा दी.

पूर्व छात्र महेश राजौर ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा बताए गए पंच परिवर्तन के विषय पर प्रकाश डाला. उन्होंने सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी भाव और नागरिक कर्तव्यों के महत्व को समझाते हुए कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए इन विषयों को अपने दैनिक जीवन में अपनाना जरूरी है.

कार्यक्रम में सम्मानित पूर्व अध्यापक सुभाष भाटिया ने ‘एक दिया भारत माता के नाम’ की अवधारणा को समझाया. उन्होंने कहा कि भारत माता के समक्ष दीप जलाना केवल एक धार्मिक या सांकेतिक परंपरा नहीं है, बल्कि यह देश के प्रति प्रेम, समर्पण, कृतज्ञता और राष्ट्रसेवा के संकल्प का प्रतीक है. उन्होंने विद्यार्थियों के साथ अपने पुराने अनुभवों को भी साझा किया.

विद्यालय के चेयरमैन नरेश शर्मा ने विद्यालय के पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि विद्यालय की पहचान उसकी शैक्षिक उपलब्धियों के साथ-साथ यहां से शिक्षा प्राप्त कर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले पूर्व छात्रों से बनती है. उन्होंने पुरातन छात्र परिषद की इस पहल की सराहना की.

समारोह के समापन सत्र में पूर्व छात्र सतीश शर्मा ने सभी पूर्व छात्रों से आह्वान किया कि वे प्रत्येक वर्ष अपने विद्यालय में अवश्य आएं और विद्यालय से अपने संबंधों को जीवंत बनाए रखें. उन्होंने पूर्व अध्यापक सुभाष भाटिया के जीवन, उनके व्यक्तित्व और विद्यार्थियों के प्रति उनके समर्पण का उल्लेख करते हुए उनके योगदान को याद किया. साथ ही कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों और पूर्व छात्रों का आभार व्यक्त किया.

कार्यक्रम का मंच संचालन पूर्व छात्र गुलशन सिक्का और आचार्य सुशील पांचाल ने संयुक्त रूप से किया. समारोह में विद्यालय अध्यक्ष गिरिजेश रस्तोगी के अलावा पूर्व छात्र महेंद्र अग्रवाल, रोहित गुप्ता, दीपक शर्मा, महादेव भारती, तरुण भाटिया, जलज जैन और धर्मवीर तोमर सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे.

इस अवसर पर पत्रकारिता जगत से सीसीएन साक्षी के मोहित तथा शौर्य प्रताप चैनल से एनपी सिंह राठौड़ और गंगा राम भी कार्यक्रम में शामिल हुए.

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित अतिथियों और पूर्व छात्रों ने आपस में दीपावली की शुभकामनाएं साझा कीं और जलपान किया. समारोह ने एक ओर जहां पुराने शिक्षक और विद्यार्थियों के आत्मीय रिश्तों को फिर से जीवंत किया, वहीं दूसरी ओर राष्ट्रभक्ति, सामाजिक जिम्मेदारी और अपने शिक्षण संस्थान के प्रति योगदान देने का संदेश भी दिया.

Exit mobile version