दिल्‍ली-एनसीआर राष्ट्रपति भवन के नॉर्थ ब्लॉक की छत पर चिलर प्लांट के फाइबर टैंक में लगी आग, छह दमकल गाड़ियों ने पाया काबू
दिल्‍ली-एनसीआर

राष्ट्रपति भवन के नॉर्थ ब्लॉक की छत पर चिलर प्लांट के फाइबर टैंक में लगी आग, छह दमकल गाड़ियों ने पाया काबू

दिल्ली: राजधानी दिल्ली में सोमवार को राष्ट्रपति भवन के नॉर्थ ब्लॉक की छत पर स्थित चिलर प्लांट के फाइबर टैंक में आग लगने से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई. आग लगने की सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस की छह दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया. दमकल कर्मियों ने करीब 15 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया. घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.

दिल्ली फायर सर्विस के जनसंपर्क अधिकारी राजेंद्र अटवाल ने बताया कि आग लगने की सूचना सोमवार सुबह करीब 11:10 बजे मिली थी. सूचना मिलते ही दमकल की छह गाड़ियों को तत्काल मौके पर रवाना किया गया. दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का काम शुरू किया. करीब 11:25 बजे आग को पूरी तरह बुझा दिया गया.

राजेंद्र अटवाल के मुताबिक आग नॉर्थ ब्लॉक की छत पर स्थित चिलर प्लांट के फाइबर टैंक में लगी थी. शुरुआती तौर पर आग का दायरा छोटा था. मौके पर चिलर प्लांट से संबंधित कुछ आंतरिक डिस्मेंटलिंग का काम भी चल रहा था. इसी दौरान फाइबर टैंक में आग लगने की सूचना मिली.

दमकल विभाग के अनुसार आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया, जिससे यह आसपास के हिस्सों में नहीं फैल सकी. आग बुझाने के बाद दमकल कर्मियों ने मौके पर स्थिति की जांच की और यह सुनिश्चित किया कि दोबारा आग न भड़के. घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है. फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है. दमकल विभाग की ओर से मौके पर किए गए निरीक्षण के आधार पर आगे की जानकारी सामने आने की संभावना है.

Exit mobile version