दिल्ली: उत्तर-पूर्वी जिले के हर्ष विहार इलाके में रविवार शाम एक निर्माणाधीन मकान गिरने से अफरा-तफरी मच गई थी. हादसा मिलन गार्डन इलाके में सेवा धाम रोड पर हुआ. हादसे में मलबे के नीचे दबे दो लोगों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया. मृतकों की पहचान 60 वर्षीय चंद्रपाल और उनके 33 वर्षीय बेटे विजय कुमार के रूप में हुई है. दोनों हर्ष विहार की गली नंबर-14 के रहने वाले थे.
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के डीसीपी राहुल अलवाल के मुताबिक, 25 अक्टूबर 2026 को शाम 6 बजकर 46 मिनट पर हर्ष विहार थाना पुलिस को सेवा धाम रोड स्थित मिलन गार्डन के ए-4 में इमारत का ढांचा ढहने की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू कराया. प्रारंभिक जांच में सामने आया कि इमारत का भूतल, जहां कथित तौर पर गोदाम संचालित था, ढह गया. इसके साथ ही ऊपर बना पहली मंजिल का हिस्सा भी गिर गया. पुलिस के अनुसार, संपत्ति मनोज कुमार पुत्र भोपाल सिंह की बताई जा रही है.
#WATCH | Delhi | Morning visuals from the spot where a building collapsed in Milan Garden, Harsh Vihar, Northeast Delhi, yesterday; two men feared trapped under debris pic.twitter.com/0m3ak0szgK
— ANI (@ANI) October 26, 2026
हादसे की गंभीरता को देखते हुए मौके पर दमकल की दो गाड़ियां, दो एंबुलेंस और एक क्रेन तैनात की गई इसके अलावा सिविल डिफेंस के स्वयंसेवकों और एनडीआरएफ की टीम ने भी राहत एवं बचाव कार्य में हिस्सा लिया. बचाव दल ने मलबा हटाकर उसमें फंसे लोगों की तलाश की. इस दौरान चंद्रपाल और विजय कुमार को मलबे से बाहर निकाला गया और अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया.
दिल्ली दमकल विभाग के चीफ फायर ऑफिसर ए.के. मलिक के मुताबिक, विभाग को निर्माणाधीन मकान ढहने और दो लोगों के मलबे में फंसे होने की सूचना मिली थी. दमकल विभाग और अन्य एजेंसियों ने संयुक्त अभियान चलाकर दोनों को बाहर निकाला. विभाग की जानकारी के अनुसार, दोनों को राजीव गांधी अस्पताल, ताहिरपुर ले जाया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
पुलिस के मुताबिक, हादसे के संबंध में संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई शुरू की जा रही है. इमारत ढहने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है. अधिकारियों के अनुसार, राहत एवं बचाव अभियान भी जारी है.
