उत्तर प्रदेश पुलिस को NSG की ट्रेनिंग, मुख्यमंत्री योगी ने शुरू किया व्यापक क्षमता निर्माण कार्यक्रम - TV News Today
उत्तर प्रदेश

उत्तर प्रदेश पुलिस को NSG की ट्रेनिंग, मुख्यमंत्री योगी ने शुरू किया व्यापक क्षमता निर्माण कार्यक्रम

उत्तर प्रदेश: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज पूरा देश उत्तर प्रदेश पुलिस और एटीएस के पराक्रम पर गर्व करता है. सुरक्षा बलों की जिम्मेदारी केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के भीतर होने वाली हर आतंकी साजिश और राष्ट्रविरोधी गतिविधि को समय रहते रोकना भी है, इसके लिए पुलिस बल को लगातार प्रशिक्षित करना और आधुनिक संसाधनों से लैस करना जरूरी है.

दरअसल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को उत्तर प्रदेश में पुलिस का राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) के साथ व्यापक क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की. इस दौरान उन्होंने कहा कि यह ट्रेनिंग का उद्देश्य यूपी पुलिस के जवानों को आतंकवाद, आतंकी साजिशों और दूसरी गंभीर सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए और अधिक सक्षम बनाना है.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमारे वीर जवानों का पराक्रम करोड़ों माताओं, बहनों के सम्मान की ढाल है. यह भारत की संप्रभुता का सुरक्षा कवच है और देश की शांति व सुरक्षा को चुनौती देने वाली राष्ट्रविरोधी ताकतों के लिए काल है.

सीएम योगी ने कहा कि एक समय ऐसा था, जब उत्तर प्रदेश दंगों की आग में झुलसता था. अपराधियों के हौसले बुलंद थे और चारों तरफ अराजकता का माहौल था. उस दौर में आम लोगों के मन में सुरक्षा को लेकर चिंता रहती थी. उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में कानून का राज है. इसे सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने पुलिस के पूरे तंत्र को मजबूत करने पर काम किया है. पुलिस को केवल संख्या के लिहाज से बढ़ाने के बजाय उसकी कार्यक्षमता और जवाब देने की क्षमता पर भी ध्यान दिया गया है. सरकार ने भर्ती से लेकर प्रशिक्षण, संसाधन, तकनीक और पुलिसकर्मियों की सुविधाओं तक कई स्तरों पर बदलाव किए हैं.

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सबसे पहले भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया गया. पुलिसकर्मियों की क्षमता बढ़ाने के साथ उन्हें बेहतर संसाधन और आधुनिक बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराया गया है. पुलिस का बजट तीन से चार गुना तक बढ़ाया गया है. पुलिसकर्मियों के लिए आवासीय सुविधाओं और दूसरी जरूरी व्यवस्थाओं को भी बेहतर किया गया है.

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि माफिया और संगठित अपराध के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को मजबूत किया गया है. एसटीएफ की भूमिका संगठित अपराध, बड़े अपराधियों और दूसरे गंभीर मामलों में महत्वपूर्ण है. सरकार ने इसकी क्षमता बढ़ाने पर ध्यान दिया है, ताकि अपराधियों के नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके. सीएम ने कहा कि पीएसी को फिर से मजबूत और सक्रिय और तीन महिला बटालियन का गठन किया गया है.

मुख्यमंत्री ने 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक, 2019 की बालाकोट एयर स्ट्राइक और 2025 के ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा कि भारत ने हर नापाक कोशिश का करारा जवाब दिया है. उन्होंने कहा कि इन कार्रवाइयों से दुनिया को यह संदेश गया कि जब तीनों सेनाओं के बीच बेहतर तालमेल, स्वदेशी तकनीक और मजबूत इच्छाशक्ति एक साथ काम करती है तो दुश्मन के पास छिपने का कोई रास्ता नहीं बचता.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *