पीपलकोटी में सीएम धामी का रोड शो, ₹149.77 करोड़ की दी सौगात, महिलाओं को किया सम्मानित - TV News Today
उत्तराखंड

पीपलकोटी में सीएम धामी का रोड शो, ₹149.77 करोड़ की दी सौगात, महिलाओं को किया सम्मानित

उत्तराखंड: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज चमोली के पीपलकोटी में आयोजित मातृशक्ति सम्मेलन में प्रतिभाग किया. इस अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित महिलाओं ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों, कलश यात्रा एवं पुष्पवर्षा के साथ मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया. मुख्यमंत्री ने रोड शो के दौरान उपस्थित जनसमूह का अभिवादन स्वीकार किया. जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मुख्यमंत्री को नंदा देवी राजजात की हस्तनिर्मित पेंटिंग भेंट की. मुख्यमंत्री ने सम्मेलन स्थल पर लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया.

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा मातृशक्ति उत्तराखंड की सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक प्रगति की आधारशिला है. पहाड़ की महिलाएं परिवार के पालन-पोषण के साथ कृषि, पशुपालन, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं. उन्होंने कहा चमोली की धरती से प्रारंभ हुए ऐतिहासिक चिपको आंदोलन में गौरा देवी एवं उनकी साथी महिलाओं ने पर्यावरण संरक्षण का जो संदेश दिया, वह आज भी पूरी दुनिया के लिए प्रेरणास्रोत है.

मुख्यमंत्री ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए अनेक महत्वपूर्ण पहल की गई हैं. उज्ज्वला योजना, जनधन योजना एवं प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से महिलाओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है. प्रदेश सरकार भी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है. राज्य की सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण तथा सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान किया जा रहा है. समान नागरिक संहिता लागू कर महिलाओं के समान अधिकार सुनिश्चित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है.

प्रदेश सरकार का प्रयास है कि बेटियों को जन्म से लेकर उच्च शिक्षा और आत्मनिर्भरता तक हर स्तर पर सहयोग मिले. नंदा गौरा योजना के अंतर्गत बेटी के जन्म पर 11 हजार रुपये तथा 12वीं उत्तीर्ण करने के बाद 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है. उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों में चमोली जनपद के नौ विकासखंडों में 900 से अधिक अत्यंत गरीब परिवारों की महिलाओं को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से तीन करोड़ रुपये से अधिक की सहायता उपलब्ध कराई गई है.

मुख्यमंत्री ने कहा बैंणी-भुली योजना के माध्यम से प्रदेश की पांच लाख से अधिक महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान किया जाएगा. योजना के अंतर्गत प्रोत्साहन राशि दो किस्तों में सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की जाएगी. इसकी पहली किस्त दिसंबर माह में जारी की जाएगी.

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया. महिला मंगल दल मैडठैली की अध्यक्षा उत्तरा देवी एवं महिला मंगल दल पाखी की अध्यक्षा मीना देवी को पर्यावरण संरक्षण, श्रमदान, अल्प बचत एवं नशामुक्ति कार्यक्रमों में योगदान के लिए सम्मानित किया. मधुमक्खी पालन के लिए भुवना देवी, खेती के लिए रामेश्वरी देवी, बांस उत्पाद निर्माण के लिए उषा देवी तथा प्राकृतिक खेती के लिए लीला देवी को सम्मानित किया.

मुख्यमंत्री ने कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए माहेश्वरी देवी,अनुसूया कुंवर एवं बिमला देवी, खेल क्षेत्र में निशा एवं स्वाति बड़वाल तथा लखपति दीदी के रूप में निरजा, रामेश्वरी देवी एवं अनीता देवी को सम्मानित किया. हाईस्कूल परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं के साथ कवयित्री सुरभी देवी एवं मांगल गीत गायिका नन्दा सती को भी सम्मानित किया.

मुख्यमंत्री ने जनपद चमोली में विकास कार्यों को गति देते हुए कुल 30 विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया. इनमें 13,358.76 लाख रुपये (लगभग 133.59 करोड़ रुपये) की लागत के 16 विकास कार्यों का शिलान्यास तथा 1,618.23 लाख रुपये (लगभग 16.18 करोड़ रुपये) की लागत के 14 विकास कार्यों का लोकार्पण शामिल हैं. इस प्रकार कुल 14,976.99 लाख रुपये (लगभग 149.77 करोड़ रुपये) की विकास योजनाओं की सौगात जनपद को मिली है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *