गाजियाबाद: UP विधानसभा चुनाव से पहले ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी, 221 दिन बाद 61,235 मतदाता बढ़े - TV News Today
उत्तर प्रदेश

गाजियाबाद: UP विधानसभा चुनाव से पहले ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी, 221 दिन बाद 61,235 मतदाता बढ़े

गाजियाबाद: विधानसभा निर्वाचन नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR-2027) के तहत मंगलवार को ड्राफ्ट वोटर लिस्ट का प्रकाशन कर दिया गया है. इसके साथ ही जिले में मतदाता सूची के सत्यापन और आवश्यक संशोधन की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है. निर्वाचन विभाग की ओर से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार टेबल टॉप एक्सरसाइज भी शुरू कर दी गई है. जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार एम. ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर मतदाता जागरूकता अभियान में सहयोग करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना आवश्यक है. इसीलिए लोगों को अपनी और अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों की मतदाता सूची में मौजूदगी की जांच करनी चाहिए.

निर्वाचन विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, 10 अप्रैल, 2026 को जिले की पांच विधानसभा सीटों पर कुल मतदाताओं की संख्या 22 लाख 63513 थी. वहीं 17 नवंबर, 2026 को जारी आंकड़ों में यह संख्या बढ़कर 23 लाख 24 हजार 748 हो गई है. जिले में कुल 61 हजार 235 मतदाताओं की वृद्धि दर्ज की गई है. इसमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 28 हजार 248 और महिला मतदाताओं की संख्या में 3 हजार 386 की बढ़ोतरी हुई है. वहीं, थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या 130 से बढ़कर 131 हो गई है.

विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों पर नजर डालें तो साहिबाबाद में सबसे अधिक मतदाताओं की संख्या बढ़ी है. यहां 10 अप्रैल 2026 को 7 लाख 25 हजार 985 मतदाता थे. इनकी संख्या बढ़कर 7 लाख 48 हजार 933 हो गई है. इसी तरह 22948 मतदाताओं की वृद्धि दर्ज की गई है. लोनी विधानसभा में मतदाताओं की संख्या 4 लाख 46 हजार 941 से बढ़कर 4 लाख 63 हजार 236 हो गई है. यहां 16 हजार 295 मतदाता बढ़े हैं.

गाजियाबाद विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं की संख्या 3 लाख 9 हजार 472 से बढ़कर 4 लाख 126 हो गई है. यहां 9 हजार 654 मतदाताओं की वृद्धि दर्ज की गई है. मुरादनगर में 3 लाख 92 हजार 6 से बढ़कर 3 लाख 99 हजार 191 मतदाता हो गए हैं. यहां 7185 मतदाता बढ़े हैं. वही, मोदीनगर विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं की संख्या 3 लाख 8 हजार 109 से बढ़कर 3 लाख 13 हजार 262 हो गई है. यहां 5153 की बढ़ोतरी हुई है.

ड्राफ्ट मतदाता सूची के प्रशासन से पहले जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की. जिसमें बीजेपी, समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी समेत अन्य राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि शामिल हुए. बैठक में निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों के तहत आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई. इसके साथ ही सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को ड्राफ्ट मतदाता सूची की प्रति उपलब्ध कराई गई है, ताकि वह भी सूची का अवलोकन कर सकें और मतदाता जागरूकता अभियान में सहयोग कर सके.

जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार एम. ने कहा कि ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन होने के बाद आमजन को सबसे पहले अपना और अपने परिवार के पात्र सदस्यों का नाम सूची में जांचना चाहिए. अगर किसी पात्र नागरिक का नाम सूची में दर्ज नहीं है, तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन किया जा सकता है. इसके अलावा मतदाता सूची में नाम, पता या अन्य विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर आवश्यक संशोधन के लिए भी आवेदन किया जा सकता है.

उन्होंने आगे बताया कि मतदाता सूची में नाम दर्ज करने के लिए नागरिक अपने संबंधित बूथ के बूथ लेवल अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं. इसके अतिरिक्त भारत निर्वाचन आयोग के आधिकारिक वेबसाइट और ECI नेट ऐप के माध्यम से भी आवेदन किया जा सकता है. लोगों से अपील की गई है कि केवल नाम दर्ज होने की जानकारी पर निर्भर न रहे ही, बल्कि जारी की गई ड्राफ्ट मतदाता सूची में अपने विवरण का मिलान भी जरूर करें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *