उत्तराखंड: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का हरिद्वार के चंडी देवी घाट पर धार्मिक विधि-विधान के साथ अंतिम संस्कार किया गया. अंतिम यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने मां के पार्थिव शरीर को कंधा दिया और इस बेहद भावुक पल में उनकी आंखें छलक पड़ीं. घाट पर छोटे भाइयों ने मां को मुखाग्नि दी, जबकि देशभर से पहुंचे साधु-संतों, सभी 13 अखाड़ों के आचार्यों, श्रीमहंतों और गणमान्य लोगों ने दिवंगत आत्मा को अंतिम श्रद्धांजलि दी.
सावित्री देवी के पार्थिव शरीर के साथ पूरा काफिला चंडी देवी घाट स्थित श्मशान घाट पहुंचा, जहां वैदिक परंपराओं के अनुरूप अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की गई. माता सावित्री देवी को उनके छोटे बेटों शैलेंद्र और महेंद्र ने मुखाग्नि दी. इस दौरान श्मशान घाट पर नेताओं, जनप्रतिनिधियों और साधु-संतों का बड़ा जमावड़ा लगा रहा और सभी ने नम आंखों से उन्हें विदाई दी.
#WATCH | Haridwar, Uttarakhand: Uttar Pradesh Chief Minister Yogi Adityanath performs the last rites of his mother, Savitri Devi, in Chandighat.
Uttarakhand CM Pushkar Singh Dhami, Yog Guru Baba Ramdev, Swami Chidananda Saraswati Maharaj of Parmarth Niketan and others are… pic.twitter.com/R2XMFhoIky
— ANI (@ANI) November 21, 2026
पैतृक गांव पंचूर से चंडी घाट के लिए निकली अंतिम यात्रा के दौरान पूरे मार्ग पर श्रद्धा और शोक का माहौल दिखा. लक्ष्मण झूला-कांडी मोटर मार्ग पर ग्रामीणों ने शव वाहन पर पुष्प वर्षा कर माता सावित्री देवी के प्रति अपना सम्मान प्रकट किया. अंतिम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की मौजूदगी के बीच निरंतर भगवद्गीता का पाठ भी होता रहा.
हरिद्वार का चंडी घाट मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पैतृक गांव पंचूर का पारंपरिक घाट है और ग्रामीण रीति-रिवाजों के अनुसार परिवार के सदस्यों की अंत्येष्टि यहीं की जाती है. इसी परंपरा को निभाते हुए सावित्री देवी की अंतिम यात्रा लक्ष्मण झूला-कांडी मोटर मार्ग से बैराज होते हुए चंडी घाट लाई गई. गौरतलब है कि इससे पहले 21 अप्रैल 2020 को योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट के निधन के समय कोरोना महामारी के प्रतिबंधों के कारण पार्थिव शरीर को हरिद्वार ले जाना संभव नहीं हो सका था और उनका अंतिम संस्कार फूलचट्टी घाट पर किया गया था.
माता सावित्री देवी के निधन पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख जताते हुए कहा कि मां का स्नेह, ममता और आशीर्वाद जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है और उनका जाना परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है. उन्होंने बाबा केदार से दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिवार को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की. वहीं राज्यपाल ने भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता के देहांत पर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की.

