उत्तर प्रदेश

सम्पूर्णम अपार्टमेंट ऑनर्स एसोसिएशन का निर्वाचन निर्विरोध सम्पन्न, नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को प्रमाण-पत्र वितरित

ग्रेटर नोएडा वेस्ट: इरोज सम्पूर्णम, सेक्टर-2 स्थित सम्पूर्णम अपार्टमेंट ऑनर्स एसोसिएशन (SAOA) के वर्ष 2026-27 के लिए हुए चुनाव शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं निर्विरोध रूप से सम्पन्न हो गए. निर्धारित निर्वाचन कार्यक्रम के तहत नामांकन, नामांकन पत्रों की जांच, आपत्तियों के निस्तारण तथा नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी पदों पर प्राप्त वैध नामांकन रिक्त पदों के बराबर पाए गए. इसके चलते किसी भी पद के लिए मतदान कराने की आवश्यकता नहीं पड़ी और सभी प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए.

निर्वाचन प्रक्रिया को नामित निर्वाचन अधिकारी श्री हरिशंकर त्रिपाठी (मत्स्य विभाग) की देखरेख में सफलतापूर्वक सम्पन्न कराया गया. सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों को निर्वाचन प्रमाण-पत्र प्रदान किए. इस अवसर पर आयोजित प्रमाण-पत्र वितरण समारोह में नवनिर्वाचित सदस्यों ने निर्वाचन अधिकारी के साथ सामूहिक एवं व्यक्तिगत छायाचित्र भी खिंचवाए.

निर्विरोध निर्वाचित पदाधिकारियों में श्री नवनीत जुनेजा अध्यक्ष, श्री यशपाल सिंह भंडारी उपाध्यक्ष, श्री पंकज कुमार चौधरी सचिव तथा श्री अजीत कुमार मिश्रा कोषाध्यक्ष चुने गए हैं. वहीं कार्यकारिणी सदस्यों के रूप में श्रीमती गुंजन मिश्रा, श्री दिलीप कुमार, श्री राजीव सिंह, श्री संजय शर्मा, सुश्री क्लैरिसा शान्तिसीली कुमार एवं श्रीमती प्रभदीप कालसी निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं.

निर्वाचन अधिकारी श्री हरिशंकर त्रिपाठी ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नई कार्यकारिणी पारदर्शिता, उत्तरदायित्व और सामूहिक सहभागिता की भावना के साथ कार्य करते हुए सोसायटी के समग्र विकास एवं निवासियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देगी। उन्होंने विश्वास जताया कि नई टीम सोसायटी में बेहतर प्रबंधन और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.

प्रमाण-पत्र वितरण में सोसायटी के निवासी उपस्थित रहे। सभी ने निर्विरोध एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन सम्पन्न होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे आपसी विश्वास, लोकतांत्रिक परंपराओं और सामुदायिक एकता का उत्कृष्ट उदाहरण बताया. उपस्थित लोगों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं भी दीं.

अंत में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों ने सोसायटी के विकास, बेहतर रखरखाव, पारदर्शी प्रशासन, वित्तीय जवाबदेही तथा निवासियों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प दोहराया. उन्होंने कहा कि सभी निवासियों के सहयोग एवं सहभागिता से इरोज सम्पूर्णम को एक आदर्श और सुव्यवस्थित आवासीय परिसर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *