अयोध्या: राम जन्मभूमि से माता सीता की नगरी तक सीधी रेल सेवा शुरू - TV News Today
उत्तर प्रदेश

अयोध्या: राम जन्मभूमि से माता सीता की नगरी तक सीधी रेल सेवा शुरू

उत्तर प्रदेश: सोमवार को अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन पर सरयू-कमला एक्सप्रेस ट्रेन के शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल हुए. सीएम योगी ने उम्मीद जताई कि राम नगरी और जनकपुर के बीच सदियों पुराने धार्मिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक रिश्तों को अब रेल संपर्क के जरिए नई मजबूती मिलेगी.और सरयू-कमला एक्सप्रेस भारत और नेपाल के बीच आस्था, विश्वास और मित्रता की नई कड़ी बनेगी.

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह रेल सेवा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरासत और विकास के विजन का उदाहरण है. इससे नेपाल के श्रद्धालु अयोध्या आकर रामलला के दर्शन कर सकेंगे, वहीं भारतीय भक्तों को जनकपुर धाम में माता जानकी के दर्शन की सुविधा मिलेगी.मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत और नेपाल का संबंध केवल दो पड़ोसी देशों का संबंध नहीं, बल्कि हजारों वर्षों की साझा संस्कृति, आस्था और पारिवारिक आत्मीयता का प्रतीक है. इसे राम-जानकी की परंपरा में रोटी-बेटी का रिश्ता कहा जाता है.

सीएम योगी ने कहा कि भारत और नेपाल की साझा आध्यात्मिक विरासत पशुपतिनाथ से काशी विश्वनाथ और लुंबिनी से कुशीनगर तक फैली हुई है. दोनों देशों के बीच खुली सीमा आपसी विश्वास का प्रतीक है.प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पड़ोसी प्रथम नीति के तहत सड़क, रेल, डिजिटल और व्यापारिक संपर्क को लगातार मजबूत किया जा रहा है. वर्ष 2018 में जनकपुर से अयोध्या के बीच बस सेवा शुरू हुई थी, और अब रेल सेवा इस दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है.

मुख्यमंत्री ने बताया कि सरयू-कमला एक्सप्रेस सीतामढ़ी के पुनौरा धाम से होकर गुजरेगी. उत्तर प्रदेश, बिहार और नेपाल के 10 महत्वपूर्ण स्टेशनों पर इसके ठहराव से धार्मिक पर्यटन, व्यापार, होटल व्यवसाय, स्थानीय हस्तशिल्प और परिवहन क्षेत्र को बढ़ावा मिलेगा. विशेष रूप से मिथिला पेंटिंग से जुड़ी महिलाओं और स्थानीय कारीगरों को नए बाजार मिलेंगे तथा रोजगार के अवसर बढ़ेंगे.

उन्होंने कहा कि अयोध्या में महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, डबल रेल लाइन और आधुनिक ट्रेनों के संचालन से कनेक्टिविटी का विस्तार हुआ है. उन्होंने उम्मीद जताई कि सरयू-कमला एक्सप्रेस रामायण और बौद्ध सर्किट को भी नई गति देगी. अयोध्या से सीतामढ़ी होते हुए जनकपुर तक श्रीराम-जानकी मार्ग और सीमा क्षेत्रों में विकसित हो रही सड़क एवं रेल परियोजनाएं दोनों देशों के बीच आवागमन को और सुगम बनाएंगी.

कार्यक्रम में दिल्ली से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव जुड़े. अयोध्या में प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही, महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, विधान परिषद सदस्य हरिओम पांडे, विधायक रामचंद्र यादव, अमित सिंह चौहान, अभय सिंह, पूर्व सांसद लल्लू सिंह सहित रेलवे के अधिकारी मौजूद रहे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *