उत्तर प्रदेश

गांधी जयंती पर सीएम योगी ने राष्ट्रपिता को किया नमन, प्रतिमा पर किया माल्यार्पण,

उत्तर प्रदेश: पूरा विश्व आज अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस मना रहा है. यूपी समेत देश भर में राष्ट्रपिता की जयंती को लेकर कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है. इसके साथ ही आज देश के पूर्व पीएम स्व. लाल बहादुर शास्त्री की जयंती भी मनाई जा रही है. आज के ही दिन देश के दो महान विभूतियों का जन्म हुआ था. सीएम योगी ने राजधानी लखनऊ में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जीपीओ स्थित राष्ट्रपिता की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए. स्कूली बच्चों ने ‘रघुपति राघव राजा राम’, ‘वह शक्ति हमें दो दयानिधे’, ‘वैष्णव जन तो तेने कहिए’ आदि भजनों पर संगीतमयी प्रस्तुति दी. सीएम योगी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर प्रदेशवासियों को ‘अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस’ की शुभकामनाएं दीं.

सीएम योगी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ पर लिखा कि सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर संपूर्ण विश्व को स्वदेशी व अहिंसा के माध्यम से स्वाधीनता का संदेश देने वाले, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पावन जयंती पर कोटिश: नमन. प्रदेशवासियों को ‘अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस’ की शुभकामनाएं. योगी ने आगे लिखा कि बापू के आदर्श, सादगी और विचार आज भी हम सभी को आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के निर्माण में निरंतर मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं.

पुष्पांजलि कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, राज्यसभा सांसद ब्रजलाल, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधान परिषद सदस्य डॉ. महेंद्र सिंह, मुकेश शर्मा, लालजी प्रसाद निर्मल, रामचंद्र प्रधान, पवन सिंह चौहान, डॉ. नीरज बोरा, राजेश्वर सिंह, जय देवी, अमरेश कुमार, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव, भाजपा के महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी आदि मौजूद रहे.

योगी आदित्यनाथ ने लाल बहादुर शास्त्री भवन, एनेक्सी में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए उन्हें नमन किया. देश के किसानों और जवानों को लेकर दिए गए उनके नारे जय जवान जय किसान को भी मुख्यमंत्री ने सराहा. इस मौके पर उन्होंने कहा वे ऐसे प्रधानमंत्री थे जो किसानों के भी हितैषी थे और जवानों के भी. हम इस मौके पर पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री को नमन करते हैं और उनके दिखाए हुए मार्ग पर चलने का संकल्प लेते हैं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *