नोएडा पुलिस कमिश्नरेट में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, एक एडीसीपी और पांच एसीपी के दायित्व बदले - TV News Today
उत्तर प्रदेश

नोएडा पुलिस कमिश्नरेट में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, एक एडीसीपी और पांच एसीपी के दायित्व बदले

नोएडा: पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं. पुलिस आयुक्त के निर्देश पर जारी आदेश के तहत एक अपर पुलिस उपायुक्त (एडीसीपी) और पांच सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) स्तर के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं. यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है.

जारी आदेश के अनुसार पीपीएस अधिकारी राजेंद्र कुमार गौतम, जो वर्तमान में प्रभारी पुलिस उपायुक्त लाइन्स तथा अपर पुलिस उपायुक्त अपराध, आंकिक एवं मॉनिटरिंग सेल का कार्यभार संभाल रहे हैं, उन्हें उनके मौजूदा दायित्वों के साथ अग्रिम आदेश तक सहायक पुलिस आयुक्त (आंकिक) का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है.

प्रशासनिक फेरबदल के तहत राजीव कुमार सिसौदिया को स्टाफ ऑफिसर (पुलिस आयुक्त) के पद से स्थानांतरित कर सहायक पुलिस आयुक्त चतुर्थ, ग्रेटर नोएडा बनाया गया है. वहीं डॉ. रवि शंकर को एसीपी यातायात नोएडा/सेंट्रल नोएडा के पद से हटाकर सहायक पुलिस आयुक्त तृतीय, ग्रेटर नोएडा की जिम्मेदारी दी गई है. इसके अलावा मयंक तिवारी को सहायक पुलिस आयुक्त द्वितीय, नोएडा नियुक्त किया गया है.

यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से भी जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। पवन कुमार, जो अब तक एसीपी यातायात ग्रेटर नोएडा के साथ मुख्यालय एवं आंकिक का कार्य देख रहे थे, उन्हें अब सहायक पुलिस आयुक्त यातायात नोएडा/सेंट्रल नोएडा का दायित्व सौंपा गया है। वहीं शकील मोहम्मद, जो पुलिस लाइन्स में एसीपी के रूप में कार्यरत हैं, अपने वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ अग्रिम आदेश तक एसीपी यातायात ग्रेटर नोएडा का अतिरिक्त कार्यभार भी संभालेंगे.

पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर का मानना है कि अधिकारियों के इस नए दायित्व निर्धारण से नोएडा और ग्रेटर नोएडा में कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा प्रशासनिक समन्वय को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा. प्रशासनिक हलकों में इस फेरबदल को पुलिसिंग की कार्यकुशलता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *