उत्तर प्रदेश

गाजियाबाद: इंदिरापुरम में गोदाम में लगी भीषण आग, आसपास की दुकानें भी चपेट में आई ( वीडियो न्यूज़ )

गाजियाबाद: इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के न्याय खंड एक में काला पत्थर रोड पर स्थित गोदाम में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया. घटना की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी जानकारी फायर ब्रिगेड को दी, जिसके बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची. जिले के विभिन्न फायर स्टेशन से फायर टेंडर बुलाए गए. फिलहाल 8 से अधिक फायर टेंडर पहुंचे हैं. आग ने आसपास की दुकानों को भी चपेट में लिया है.

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में गुरुवार को एक ऑनलाइन शॉपिंग डिलीवरी मार्ट में अचानक भीषण आग लग गई. घटना इंदिरापुरम के न्याय खंड-1 स्थित काला पत्थर रोड की है. आग लगते ही गोदाम से तेज लपटें उठने लगीं और कुछ ही देर में पूरा परिसर धू-धू कर जलने लगा. घटना के बाद आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया.

आग इतनी तेजी से फैली कि गोदाम के भीतर रखा सामान इसकी चपेट में आ गया. इसी बीच गोदाम में रखे सिलेंडर में भी ब्लास्ट होने की सूचना सामने आई है. हालांकि, आग लगने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है. घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में भी दहशत का माहौल बन गया.

काला पत्थर रोड पर डिलीवरी मार्ट के आसपास कई फर्नीचर की दुकानें भी हैं. आग की लपटें तेजी से फैलने के कारण इन दुकानों में काम करने वाले लोगों और आसपास के दुकानदारों में भी अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही फायर विभाग की कई गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया.

फायर कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की. गोदाम में लगी आग को नियंत्रित करने के लिए दमकल की टीमें लगातार काम कर रही हैं. आग के कारण आसपास के क्षेत्र में भी सतर्कता बढ़ाई गई है. फिलहाल फायर विभाग की टीम आग लगने की वजह का पता लगाने में जुटी हुई है.

घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी गाजियाबाद के इंदिरापुरम में लगी आग का संज्ञान लिया है. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं. साथ ही उन्होंने पूरे अभियान की लगातार निगरानी करने को कहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *