गाजियाबाद: साहिबाबाद में रावण का पुतला तैयार करते समय धमाका, 5 घायल ( वीडियो न्यूज़ ) - TV News Today
उत्तर प्रदेश

गाजियाबाद: साहिबाबाद में रावण का पुतला तैयार करते समय धमाका, 5 घायल ( वीडियो न्यूज़ )

गाजियाबाद: साहिबाबाद में दशहरा के लिए रावण का पुतला तैयार करते समय बड़ा हादसा हो गया. शनि चौक स्थित लाजपत नगर सामुदायिक केंद्र में पुतले के अंदर पटाखे भरते समय अचानक आग लग गई, जिसके बाद विस्फोट हो गया. हादसे में पांच लोग घायल हुए हैं. दो घायलों को सफदरजंग अस्पताल और तीन को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी. शुरुआती जांच में सामने आया है कि सामुदायिक केंद्र में दशहरा पर्व के लिए रावण का पुतला तैयार किया जा रहा था. इसी दौरान पुतले के अंदर पटाखे भरे जा रहे थे. पटाखे भरने की प्रक्रिया के दौरान अचानक आग लग गई, जिससे वहां विस्‍फोट हुआ.

मिली जानकारी के मुताबिक, अनिल सिंह को स्थानीय रामलीला समिति की ओर से रावण का पुतला बनाने का ठेका दिया गया था. ठेकेदार के साथ काम करने वाले मजदूर द्वारा ही रावण के पुतले में पटाखे भरने का काम हो रहा था. प्रक्रिया के दौरान आग लगने से हादसा हुआ है. एसीपी साहिबाबाद अमित सक्सेना का मुताबिक, घटना को लेकर पटाखे बनाए जाने की बात गलत है. सामुदायिक केंद्र में केवल रावण का पुतला तैयार किया जा रहा था. हादसा इसी दौरान आग लगने के बाद विस्फोट के कारण हुआ.

अग्निशमन विभाग द्वारा जारी बयान में बताया गया, सुबह 09:26 बजे फायर स्टेशन साहिबाबाद, कमिश्नरेट गाजियाबाद के कंट्रोल रूम पर आर0टी0 सेट के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि रामलीला मैदान, शनि चौक स्थित पटाखों की दुकान में आग लग गई है. सूचना प्राप्त होते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी गाजियाबाद, प्रभारी अग्निशमन अधिकारी साहिबाबाद तथा फायर स्टेशन साहिबाबाद से 03 फायर टेंडर ने घटनास्थल पर पहुंचे. अग्निशमन टीम द्वारा स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया. सम्भवत: पुतले को बनाये जाने में आतिशबाजी या अन्य किसी विस्फोटक सामग्री का प्रयोग किये जाने के कारण उसमें विस्फोट होने के कारण आग लग गई थी. विस्फोट से भवन की दो दीवार गिर गई थी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *