उत्तर प्रदेश

गाजियाबाद में जलभराव ने छीन ली मासूम की जिंदगी, गली के बाहर भरे पानी में डूबने से मौत

गाजियाबाद: दिल्ली-एनसीआर में बारिश आफत बनकर आई है. गुरुवार को गाजियाबाद में बारिश से हुए जलभराव में डूबने से तीन वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत हो गई है. मामला विजयनगर थाना क्षेत्र स्थित सर्वोदय नगर का है. मासूम की मौत के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है.

दरअसल, गाजियाबाद में बीते 24 घंटे से अधिक से हो रही बारिश के चलते कई इलाकों में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई है. आलम यह है कि कई इलाकों में तो घरों तक में पानी घुस गया है. मासूम की मौत ने एक बार फिर सिस्टम पर सवाल खड़ा कर दिया है.

अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव ने बताया, “सूचना मिली थी कि पानी में डूबने से तीन वर्षीय मासूम की मौत हो गई है. पुलिस-प्रशासन और नगर निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं. जो भी मुआवजा होगा पीड़ित परिवार को उपलब्ध कराया जाएगा. पीड़ित परिवार के साथ नगर निगम की संवेदनाएं हैं. पीड़ित परिवार की जो भी मांगे होगी सहानुभूति के साथ उसे पर विचार कर पूर्ण किया जाएगा.”

मासूम के पिता के मुताबिक, “बारिश के बाद गली में पानी भर गया था. बच्ची घर के बाहर गई और नाली में गिर गई. अचानक बेटी की मौत हो गई. हम तुरंत बच्ची को अस्पताल लेकर भागे, जहां डॉक्टर ने बताया की बच्ची की मृत्यु हो चुकी है. अधिकारी आए थे हमें नौकरी देने का आश्वासन दिया है.”

जानकारी के मुताबिक, मूल रूप से फर्रुखाबाद के सिरोली गांव रहने वाले सुमित बीते एक साल से गाजियाबाद के विजयनगर थाना क्षेत्र के सर्वोदय नगर इलाके में किराए पर रहते हैं. सुमित दिहाड़ी-मज़दूरी करते हैं. दोपहर तकरीबन 2 बजे सुमित की 3 साल की बेटी घर के बाहर गई थी. घर के बाहर गली में पानी भरा हुआ था. मासूम पानी में डूब गई, जिससे उसकी मौत हो गई. पड़ोसियों ने जब मासूम को पानी में पड़ा हुआ देखा तो उठाकर घर लेकर गए.

मासूम को चारपाई पर उल्टा लेटा कर काफी देर तक थपथपाया, लेकिन तब तक उसकी जान जा चुकी थी. परिजन मासूम को अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया. मासूम की मौत के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. गुस्साए परिजन नेशनल हाईवे 9 जाम करने के लिए पहुंच गए. मौके पर पहुंची पुलिस ने कानून व्यवस्था को संभाला. डीसीपी सिटी धवल जायसवाल के मुताबिक, घर के बाहर गली में पानी में डूबने से मासूम की मौत हुई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *