उत्तर प्रदेश

गाजियाबाद के नंदग्राम तिराहे पर स्कूल बस में आग, मौके पर मची अफरा-तफरी

गाजियाबाद: मेरठ रोड स्थित नंदग्राम तिराहे पर सुबह उस समय अफरा तफरी मच गई. जब निजी स्कूल की एक बस में अचानक आग लग गई. देखते ही देखते आग ने पूरी बस को चपेट में लेना शुरू कर दिया. आसपास भारी संख्या में भीड़ जमा हो गई. मौके पर मौजूद लोगों द्वारा आग को बुझाने का प्रयास किया गया. स्थानीय लोगों द्वारा अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई. बस में आग लगने के चलते सड़क पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई.

मिली जानकारी के मुताबिक, 11 जुलाई 2026 को सुबह 9:26 को फायर स्टेशन कोतवाली को सूचना प्राप्त हुई थी कि मेरठ रोड स्थित नंदग्राम तिराहे पर निजी स्कूलों की बस में आग लग गई है. सूचना मिलते ही फायर स्टेशन कोतवाली से दो दमकल वाहन तत्काल घटना स्थल के लिए रवाना किए गए. दमकल विभाग की टीम जब मौके पर पहुंची तो आग तेजी के साथ बस में फैल चुकी थी. बस से आग की ऊंची -ऊंची लपेट उठ रही थी और काला धुंआ काफी दूर से दिखाई दे रहा था.

मौके पर पहुंचते ही अग्निशमन विभाग की टीम ने पाया कि बस में कोई बच्चा या अन्य व्यक्ति फंसा हुआ नहीं था. गनीमत रही कि आज सेकंड सैटरडे होने के चलते स्कूलों की छुट्टी थी. जिससे कि बड़ा हादसा टल गया. अग्निशमन विभाग की टीम ने हौज़ लाइन और होज़ रील की मदद से चारों ओर से घेर कर आग पर काबू पाया गया. बस में सीएनजी किट लगी हुई थी ऐसे में लगातार डर बना हुआ था कि कहीं भीषण आग के चलते सीएनजी सिलेंडर ना फट जाए. जिससे कि आग आसपास के क्षेत्र में भी फैल सकती थी लेकिन समय रहते दमकल विभाग की कार्रवाई से बड़ा हादसा होने से टल गया.

मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल के मुताबिक, बस निजी स्कूल से संबंधित थी. आग को पूरी तरह से बुझा दिया गया है. किसी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई है. आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी थी. मामले की जांच की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *