उत्तर प्रदेश: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को लोक भवन सभागार में संविधान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में कहा कि भारत का संविधान हम सभी का गौरव और 145 करोड़ देशवासियों का मार्गदर्शक है. संविधान हमें अधिकारों का बोध कराने के साथ ही देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का एहसास भी कराता है. संविधान की गरिमा बनाए रखना प्रत्येक भारतीय का दायित्व है.
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक संग संविधान की उद्देशिका का पाठ करते हुए शपथ दिलाई. साथ ही डॉ. बीआर आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के तहत सौंदर्यीकरण कार्यों का शुभारंभ किया. इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान सभा के गठन के समय संविधान निर्माताओं ने इस बात का ध्यान रखा कि भारत का राजनीतिक भाग्य भारतवासी स्वयं तय करेंगे. बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की अध्यक्षता में तैयार संविधान ने पहले दिन से ही बिना किसी भेदभाव के प्रत्येक वयस्क भारतीय को मताधिकार की स्वतंत्रता दी.
यही भारतीय लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है. कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाबा साहब के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और संविधान के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने के लिए 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया. कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 2014 में प्रधानमंत्री पद का दायित्व संभालने के बाद सबसे पहले संसद और संविधान की पुस्तक को प्रणाम किया था. नए संसद भवन के निर्माण के बाद संविधान की मूल प्रति को सिर पर रखकर वहां स्थापित किया गया. नए संसद भवन में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति को सबसे पहले संविधान के दर्शन होते हैं.
मुख्यमंत्री ने संविधान की मूल प्रति में भारतीय संस्कृति और विरासत के चित्रों का उल्लेख करते हुए कहा कि इसे आचार्य नंदलाल बोस और श्रीराम मनोहर सिन्हा ने सजाया था. इसमें पुष्पक विमान, भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन, कुरुक्षेत्र में भगवान श्रीकृष्ण के अर्जुन को उपदेश देने के दृश्य के साथ महात्मा बुद्ध और सम्राट अशोक के चित्र भी शामिल हैं. यह प्रमाणित करता है कि भारतीय संविधान ने देश की सांस्कृतिक विरासत को सम्मान दिया और उसे साथ लेकर आगे बढ़ा.
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि आज कुछ लोग लाल पुस्तिका लेकर भ्रम की स्थिति पैदा करने और जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं. यदि उन्होंने संविधान की प्रति पढ़ी होती तो शायद इस तरह के दावे नहीं करते. उन्होंने आरोप लगाया कि आजादी के बाद पहला संविधान संशोधन ही प्रेस की स्वतंत्रता को प्रभावित करने वाला था. समय-समय पर अपने स्वार्थ के लिए संविधान में संशोधन किए गए और संवैधानिक संस्थाओं को कठघरे में खड़ा करने का प्रयास किया गया.
उन्होंने कहा कि जो लोग भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं, वे देश को अंधकार के युग में ले जाने का प्रयास कर रहे हैं. संविधान और लोकतंत्र को कमजोर करने की साजिशों से सभी को सतर्क रहना होगा. संविधान की गरिमा और उसकी मूल भावना को बनाए रखने की जिम्मेदारी प्रत्येक भारतीय की है.

