गांधीनगर: डी.ए.वी. विद्यालय, नेहरू गली, महावीर चौक, गांधीनगर में गुरुवार को संविधान दिवस, गुरु नानक जयंती, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में राष्ट्र वंदन तथा ‘हिंद की चादर’ गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान दिवस का संयुक्त समारोह श्रद्धा, उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पण के साथ हुआ.
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय अध्यक्ष नरेश शर्मा ने की. मंच संचालन तनुजा कसाना एवं आशुतोष ने प्रभावशाली ढंग से किया. समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. विनोद मोंगा उपस्थित रहे.
मुख्य अतिथि डॉ. विनोद मोंगा ने गुरु नानक देव जी के जीवन, विचारों एवं धर्म के वास्तविक स्वरूप पर विस्तार से प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी ने समाज को ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ का संदेश दिया. उनके विचार मानवता, समानता और सच्चाई के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं. धर्म का वास्तविक अर्थ किसी से भेदभाव करना नहीं, बल्कि सभी की सेवा करना है.
मुख्य वक्ता एडवोकेट कमल मेहता ने संविधान दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 26 नवंबर 1949 को भारत का संविधान अंगीकृत किया गया था. संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार प्रदान करता है. उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि हमें संविधान का पालन करना है और अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों का भी पूरी निष्ठा से निर्वहन करना चाहिए. उन्होंने कहा कि एक जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए संविधान के मूल्यों को अपने जीवन में अपनाना आवश्यक है.

विद्यालय प्रबंधक गिरिजेश रस्तोगी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित राष्ट्र वंदन कार्यक्रम के विषय में विचार रखे. उन्होंने कहा कि राष्ट्र की वंदना ही सच्ची देशभक्ति है. प्रत्येक नागरिक को अपने देश, संस्कृति और संविधान का सम्मान करना चाहिए. देश सबसे पहले है, यही भाव प्रत्येक नागरिक के मन में होना चाहिए.
आचार्य सतीश शर्मा ने ‘हिंद की चादर’ गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान दिवस पर उनके अद्वितीय त्याग और बलिदान को याद किया. उन्होंने कहा कि गुरु तेग बहादुर जी ने धर्म और मानवता की रक्षा के लिए अपना शीश कुर्बान कर दिया. उनका बलिदान हमें अन्याय के सामने कभी न झुकने और सत्य एवं मानवता की रक्षा के लिए सदैव खड़े रहने की प्रेरणा देता है.
इस अवसर पर इतिहास प्रवक्ता रमेश कुमार ने उपस्थित विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को संविधान के प्रति अपने कर्तव्यों के पालन की शपथ दिलाई.
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रधानाचार्य ओमपाल सिंह ने सभी अतिथियों, वक्ताओं, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का हृदय से आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में संस्कार, देशभक्ति, सामाजिक जिम्मेदारी और नैतिक मूल्यों का विकास करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.
समारोह का समापन ‘वाहे गुरु जी का खालसा, वाहे गुरु जी की फतेह’ और ‘जय हिंद’ के गगनभेदी उद्घोष के साथ हुआ.

