दिल्ली को मिलीं 100 नई इलेक्ट्रिक बसें, सीएम रेखा गुप्ता ने दिखाई हरी झंडी, जानें दिल्ली-हापुड़ बस सेवा का टाइम टेबल - TV News Today
दिल्‍ली-एनसीआर

दिल्ली को मिलीं 100 नई इलेक्ट्रिक बसें, सीएम रेखा गुप्ता ने दिखाई हरी झंडी, जानें दिल्ली-हापुड़ बस सेवा का टाइम टेबल

दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने व प्रदूषण पर नियंत्रण के उद्देश्य से दिल्ली सरकार ने 100 नई इलेक्ट्रिक बसों को डीटीसी के बेड़े में शामिल किया गया है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को आईएसबीटी कश्मीरी गेट से इन बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इसके साथ ही दिल्ली से उत्तर प्रदेश के हापुड़ के बीच अंतरराज्यीय इलेक्ट्रिक बस सेवा का भी शुभारंभ किया. नई बसों के शामिल होने के बाद दिल्ली में अब कुल बसों की संख्या बढ़कर करीब 7,088 हो गई है. इनमें 5,338 इलेक्ट्रिक और 1,750 सीएनजी बसें शामिल हैं. इसके साथ ही दिल्ली ने देश में सबसे बड़े इलेक्ट्रिक बस बेड़े वाले शहर के रूप में अपनी स्थिति और मजबूत की है.

नई 100 इलेक्ट्रिक बसों में 50 बसें नौ मीटर व 50 बसें 12 मीटर लंबाई की हैं. सभी बसें लो-फ्लोर व वातानुकूलित हैं. इनमें यात्रियों की सुरक्षा व सुविधा के लिए सीसीटीवी कैमरे, पैनिक बटन व रियल टाइम ट्रैकिंग सिस्टम जैसी आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं. दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं. दिल्ली सरकार का कहना है कि इन बसों के संचालन से सार्वजनिक परिवहन को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक व पर्यावरण के अनुकूल बनाया जा सकेगा.

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली की बसें दिल्ली की हवा को खराब करने के बजाय उसे साफ करने की लड़ाई में भागीदार बनें, यही सरकार का लक्ष्य है. उन्होंने कहा कि दिल्ली के पास आज पूरे देश का सबसे बड़ा इलेक्ट्रिक बस बेड़ा है. दिल्ली सरकार का संकल्प जल्द ही डीटीसी की पूरी बस सेवा को इलेक्ट्रिक बसों में बदलने का है. प्रदूषण के खिलाफ सरकार अपनी जिम्मेदारी निभा रही है. उन्होंने दिल्लीवासियों से भी अपील की कि जहां संभव हो, निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें. दिल्ली की हवा में बदलाव तभी आएगा, जब सरकार के प्रयासों के साथ जनता की भागीदारी भी जुड़ेगी.

दिल्ली सरकार ने वित्त वर्ष 2028-29 तक राजधानी में बसों की कुल संख्या बढ़ाकर करीब 14 हजार करने का लक्ष्य रखा है. इसके लिए चरणबद्ध तरीके से बस बेड़े का विस्तार किया जा रहा है. इस विस्तार में इलेक्ट्रिक बसों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी. दिल्ली सरकार का उद्देश्य दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में बसों की उपलब्धता बढ़ाने के साथ सार्वजनिक परिवहन की कनेक्टिविटी को मजबूत करना है.

दिल्ली के अंदर बसों की संख्या बढ़ाने के साथ ही अंतरराज्यीय सार्वजनिक परिवहन को भी विस्तार दिया जा रहा है. इसी कड़ी में मुख्यमंत्री ने दिल्ली-हापुड़ इलेक्ट्रिक बस सेवा की शुरुआत की. इस रूट पर डीटीसी की 12 बसें पूरी तरह इलेक्ट्रिक बसें संचालित की जाएंगी. बसें आनंद विहार आईएसबीटी से उत्तर प्रदेश के हापुड़ बस स्टेशन के बीच चलेंगी. इस सेवा से दिल्ली, गाजियाबाद और हापुड़ के बीच रोजाना आवाजाही करने वाले यात्रियों, विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों को सार्वजनिक परिवहन का नया विकल्प मिलेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *