विधानसभा चुनाव 2027 से पहले उत्तराखंड समेत पांच राज्यों में 1 दिसंबर से शुरू होगा जनगणना का कार्य - TV News Today
दिल्‍ली-एनसीआर

विधानसभा चुनाव 2027 से पहले उत्तराखंड समेत पांच राज्यों में 1 दिसंबर से शुरू होगा जनगणना का कार्य

दिल्‍ली: उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश समेत पांच राज्यों में आगामी साल 2027 में विधानसभा के चुनाव होने हैं. जिसके चलते इन राज्यों में बाकी राज्यों से पहले यानी एक दिसम्बर से जनगणना का कार्य शुरू होने जा रही है. उससे पहले जनगणना में जनता की सहभागिता के लिए 16 नवंबर से जनगणना के तहत स्वगणना की प्रक्रिया शुरू हो रही है. प्रदेश में स्वगणना 30 नवंबर तक चलेगी. इसके बाद, एक दिसंबर से घर-घर जाकर शुरू होने वाले जनगणना की रणनीतियों पर काम किया जा रहा है.

डिजिटल जनगणना के साथ ही इस बार जातिगत जनगणना होनी है. जिसके लिए करीब 40 सवाल तैयार किए गए हैं. इन सवालों के जवाब जनता को देने होंगे. संवेदनशील क्षेत्रों में विवाद होने की भी संभावना है. उत्तराखंड राज्य में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के दौरान कुछ जगहों पर प्रगणकों के साथ विवाद जैसी स्थिति भी उत्पन्न हुई थी. जिसको देखते हुए जनगणना विभाग ने इसकी पहले ही तैयारी कर ली है. इसके लिए, जनगणना कार्य निदेशालय के अनुरोध और मुख्य सचिव के निर्देश पर डीजीपी ने सभी कप्तानों को आदेश दिए है कि जहां भी जरूरत हो वहां पर जनगणना के दौरान पुलिस की तैनाती की जाए.

जनगणना 2027 की तैयारियां अब अंतिम दौर में पहुंच गई हैं. उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पंजाब, गोवा और मणिपुर जैसे चुनावी राज्यों में देश के बाकी हिस्सों से पहले जनगणना का काम शुरू होने जा रहा है. आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, 16 नवंबर से स्व-गणना की प्रक्रिया शुरू होगी. जिस दौरान जनता खुद से खुद की गणना कर सकेंगी. जनगणना की ऑफिशल वेबसाइट se.census.gov.in पर जाकर स्व-गणना कर सकते हैं. नागरिक आधिकारिक पोर्टल पर मोबाइल नंबर और ओटीपी से लॉगिन कर अपने और अपने परिवार के सदस्यों की जानकारी भर सकेंगे. स्व-गणना पूरी करने के बाद नागरिकों को एक विशेष आईडी मिलेगी.

इसके बाद, एक दिसम्बर से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर आबादी की गणना करेंगे. इस दौरान जिन लोगों ने स्व-गणना की है वो स्व-गणना के दौरान प्राप्त यूनिक आईडी, प्रगणक को देंगे. जिसके बाद प्रगणक, भारी गई जानकारी की पुष्टि करने के बाद अपलोड कर देंगें. प्रदेश भर में आबादी की गणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 5 से 9 जनवरी 2027 तक संशोधन फेज चलेगा. जिस दौरान प्रगणक, जन्मे और मृत्यु के आंकड़ों को जोड़ने और घटाने के साथ ही त्रुटियों को दूर किया जाएगा.

इन सवालों के देने होंगे जवाब

• व्यक्ति का नाम
• मुखिया से संबंध
• लिंग (पुरुष/स्त्री/अन्य)
• जन्मतिथि/ उम्र
• वर्तमान वैवाहिक स्थिति (हां/नहीं)
• विवाह के समय उम्र
• जीवनसाथी का नाम
• घोषित राष्ट्रीयता
• धर्म
• एसी/ एसटी/ जाति का नाम
• पिता का नाम, उम्र, जन्म स्थान विवरण, प्रदेश और जिला
• माता का नाम, उम्र, जन्म स्थान विवरण, प्रदेश और जिला
• विकलांगता (हां/नहीं)
• मातृभाषा
• डिजिटल साक्षरता का स्तर (ईमेल कर सकते है या नहीं)
• शैक्षणिक संस्थान में शिक्षा प्राप्त करने की स्थिति
• प्राप्त उच्चतम शैक्षणिक स्तर संकाय/विषय
• पिछले वर्ष के दौरान किसी भी समय काम किया
• आर्थिक गतिविधि की श्रेणी
• व्यवसाय
• उद्योग, व्यापार या सेवा की प्रकृति
• कर्मी का वर्ग
• गैर-आर्थिक गतिविधि
• काम की तलाश मे या काम के लिए उपलब्ध
• काम के स्थान तक यात्रा (कि०मी० और समय)
• जन्म स्थान
• पिछला निवास का स्थान यदि हो तो
• वर्तमान प्रवास का कारण
• प्रवास के समय से इस गाँव/ शहर मे रहने की अवधि
• स्थायी अवासीय पता
• वर्तमान में जीवित बच्चों का संख्या
• कभी जीवित जन्मे बच्चों की संख्या
• पिछले एक वर्ष के दौरान जीवित जन्मे बच्चों की संख्या।
• कोविड-19 टीकाकरण का स्थान
• बैंक खातों की कुल संख्या
• मोबाइल नंबर (अगर उपलब्ध है)
• आधार नंबर (अगर उपलब्ध है)
• वोटर आईडी नंबर (अगर उपलब्ध है)
• पासपोर्ट नंबर (अगर उपलब्ध है)
• ड्राइविंग लाइसेंस (अगर उपलब्ध है)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *