दिल्ली: बाहरी जिले के मंगोलपुरी इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 में शनिवार दोपहर एक जूते-चप्पल बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग लग गई. आग फैक्ट्री के ए-76 में लगी, जिसके बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. फैक्ट्री से उठती आग की लपटों और धुएं को देखते हुए दमकल विभाग ने बड़े स्तर पर राहत और बचाव अभियान शुरू किया.
दमकल विभाग को दोपहर करीब 1 बजकर 10 मिनट पर आग लगने की सूचना मिली. सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके के लिए रवाना की गईं. शुरुआत में आग पर काबू पाने की कोशिश की गई, लेकिन आग की गंभीरता लगातार बढ़ती गई. इसके बाद दमकल विभाग ने पहले इसे मेक-4 घोषित किया और फिर आग की भयावहता को देखते हुए मेक-6 का अलर्ट जारी कर दिया.
VIDEO | Delhi: Fire breaks out at footwear factory in Mangolpuri Industrial area, several fire tenders on the spot. More details are awaited.#DelhiFire #Mangolpuri
(Full video available on PTI Videos – https://t.co/d8jp61yd2p) pic.twitter.com/bMxaLFgBcD
— Press Trust of India (@PTI_News) November 14, 2026
दमकल विभाग के आधिकारिक अपडेट के मुताबिक, मौके पर अब तक 16 दमकल यूनिट तैनात की गई हैं. इनमें पांच वाटर टेंडर, सात वाटर बाउजर, दो फोम टेंडर, एक एमपी और एक क्यूआरवी शामिल हैं. दमकल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं और अपनी निगरानी में आग बुझाने के अभियान को आगे बढ़ा रहे हैं.
इस घटना की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस और आपदा राहत दल की टीमें भी मौके पर पहुंचीं. राहत और बचाव कार्य जारी है. फैक्ट्री में जूते-चप्पल बनाने का काम होता है, ऐसे में आग की चपेट में फैक्ट्री का कितना हिस्सा आया है और कितना सामान जलकर नष्ट हुआ है, इसका आकलन अभी नहीं हो पाया है.
दमकल विभाग की ओर से अभी तक किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं की गई है. आग लगने के वास्तविक कारणों का भी पता नहीं चल पाया है. दमकल की टीमें लगातार आग पर काबू पाने में जुटी हैं. राहत और बचाव अभियान पूरा होने के बाद ही नुकसान और घटना की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी.

