उत्तर प्रदेश: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को प्रतापगढ़ पहुंचे, जहां उन्होंने जीआईसी ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम से सदर और विश्वनाथगंज विधानसभा क्षेत्रों के लिए 384 करोड़ रुपये की 111 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इसके बाद जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम ने राज्य सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी. साथ ही, उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला.
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि पूर्व की सरकारों के कार्यकाल में प्रदेश लूट और भ्रष्टाचार की चपेट में था, जबकि वर्तमान सरकार विकास, सुशासन और मजबूत कानून-व्यवस्था को प्राथमिकता दे रही है. वहीं, राम मंदिर में हुई चोरी की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि विपक्ष इस मामले को लेकर हिंदू धर्म को बदनाम करने की साजिश कर रहा है, जबकि घटना की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है. जांच निष्पक्ष होगी और दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा. सीएम ने साफ कहा कि इस मामले में दोषी चाहे कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा. कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) July 7, 2026
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास और सुशासन के माध्यम से उत्तर प्रदेश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है. वहीं, मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में हुई पुलिस की 60 हजार भर्तियों में प्रतापगढ़ के युवाओं को भी अवसर मिला है. उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग और अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की परीक्षाओं में भी यहां के युवा सफलता प्राप्त कर रहे हैं. सीएम ने आरोप लगाया कि पहले सरकारी नौकरियों में पारदर्शिता नहीं थी और योग्य युवाओं को अवसरों से वंचित होना पड़ता था, जबकि वर्तमान सरकार में भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया गया है, जिससे प्रतिभाशाली युवाओं को निष्पक्ष अवसर मिल रहे हैं.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस की तरफ से सनातन धर्म पर प्रहार करने की कोशिश की जा रही है. सपा और कांग्रेस गिरगिट की तरह रंग बदल रहे हैं. एक समय ऐसा था जब रामभक्तों पर गोलियां चलाई जाती थीं और भगवान श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल उठाए जाते थे. यहां तक की “जय श्रीराम” का उद्घोष करने वालों पर पहले लाठी और गोली चलती थी, लेकिन अब देश की जनता ऐसे दौर में वापस नहीं जाना चाहती.
सीएम योगी ने कहा कि आज की अयोध्या भगवान श्रीराम के काल की अयोध्या का एहसास कराती है. महर्षि वाल्मीकि के नाम पर अयोध्या के अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का नाम रखा गया है और इस प्रकार के निर्णय केवल भाजपा सरकार ही ले सकती है. पहले जहां “वन जनपद, वन माफिया” जैसी स्थिति थी, वहीं उनकी सरकार ने “वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट ” योजना के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को नई पहचान दिलाई. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतापगढ़ का आंवला अब देश-दुनिया में अपनी अलग पहचान बना रहा है.
सीएम ने कहा कि 2017 से पहले शायद ही किसी ने कल्पना की होगी कि प्रतापगढ़ में मेडिकल कॉलेज बनेगा. आज जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित हो चुका है और यहां की बेटियों को नर्सिंग सहित चिकित्सा शिक्षा के बेहतर अवसर मिल रहे हैं. उन्होंने कहा कि करीब 9 साल पहले प्रतापगढ़ पिछड़े जिलों में गिना जाता था. खराब सड़कों, सीमित विकास और रोजगार के अवसरों की कमी के कारण लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता था.

