उत्तर प्रदेश

गाजियाबाद के खोड़ा में एक ही फंदे से लटके मिले मां-बेटी के शव, पुलिस हिरासत में पति

गाजियाबाद: खोड़ा थाना क्षेत्र के शंकर विहार इलाके में मां और उसकी मासूम बेटी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. दोनों के शव किराए के मकान के कमरे में एक ही फंदे से लटके मिले. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.

एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य के मुताबिक, 25 सितंबर 2026 की रात थाना खोड़ा पुलिस को UP-112 के जरिए सूचना मिली थी कि बीरबल चौकी क्षेत्र के एक किराए के मकान में रहने वाले अनिरुद्ध की पत्नी और उसकी दो वर्षीय बेटी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया.

पुलिस के अनुसार, अनिरुद्ध मूल रूप से हरदोई का रहने वाला है, जबकि उसकी पत्नी उन्नाव की रहने वाली थी. शुरुआती जांच में मां द्वारा पहले बच्ची को फंदे पर लटकाने और उसके बाद खुद आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, पुलिस ने अभी मौत के कारण की पुष्टि नहीं की है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी.

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं, पति अनिरुद्ध को हिरासत में लेकर घटना के संबंध में गहनता से पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *