गाजियाबाद: राजधानी दिल्ली से सटे गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के गौर ग्रीन व्यू सोसाइटी में हुए अग्निकांड के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट हो गया है. गाजियाबाद अग्निशमन विभाग द्वारा विशेष अभियान की शुरुआत की गई है. हाईराइज इमारतों में अग्निशमन विभाग द्वारा मॉक ड्रिल का आयोजन किया जा रहा है. अग्निशमन विभाग द्वारा मॉकड्रिल के दौरान लोगों को एकत्रित कर अग्नि सुरक्षा के संबंध में जानकारी दी जा रही है और आग लगने के दौरान क्या कुछ सुरक्षात्मक कदम उठाने हैं इस बारे में भी अवगत कराया जा रहा है. 1 मई से शुरू हुआ यह अभियान 7 में 2026 तक जारी रहेगा.
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल द्वारा जिले के सभी फायर स्टेशनों के फायर सुरक्षा अधिकारियों को अपने क्षेत्र में मॉक ड्रिल का आयोजन कर अधिक से अधिक लोगों को अग्नि सुरक्षा को लेकर जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं. विशेष अभियान के पहले दिन क्रॉसिंग रिपब्लिक, राज नगर एक्सटेंशन, इंदिरापुरम, वैशाली, वसुंधरा समेत विभिन्न इलाकों में स्थित हाईराइज सोसाइटी में जाकर अग्निशमन विभाग द्वारा मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया है. पहले दिन 30 से अधिक सोसाइटियों पर अग्निशमन विभाग द्वारा मॉक ड्रिल आयोजित की गई है.



