गाजियाबाद: राजधानी दिल्ली से सटे गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के गौर ग्रीन व्यू सोसाइटी में हुए अग्निकांड के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट हो गया है. गाजियाबाद अग्निशमन विभाग द्वारा विशेष अभियान की शुरुआत की गई है. हाईराइज इमारतों में अग्निशमन विभाग द्वारा मॉक ड्रिल का आयोजन किया जा रहा है. अग्निशमन विभाग द्वारा मॉकड्रिल के दौरान लोगों को एकत्रित कर अग्नि सुरक्षा के संबंध में जानकारी दी जा रही है और आग लगने के दौरान क्या कुछ सुरक्षात्मक कदम उठाने हैं इस बारे में भी अवगत कराया जा रहा है. 1 मई से शुरू हुआ यह अभियान 7 में 2026 तक जारी रहेगा.
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल द्वारा जिले के सभी फायर स्टेशनों के फायर सुरक्षा अधिकारियों को अपने क्षेत्र में मॉक ड्रिल का आयोजन कर अधिक से अधिक लोगों को अग्नि सुरक्षा को लेकर जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं. विशेष अभियान के पहले दिन क्रॉसिंग रिपब्लिक, राज नगर एक्सटेंशन, इंदिरापुरम, वैशाली, वसुंधरा समेत विभिन्न इलाकों में स्थित हाईराइज सोसाइटी में जाकर अग्निशमन विभाग द्वारा मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया है. पहले दिन 30 से अधिक सोसाइटियों पर अग्निशमन विभाग द्वारा मॉक ड्रिल आयोजित की गई है.
मॉक ड्रिल के दौरान अग्निशमन अधिकारी फायर टेंडर और आग बुझाने के उपकरण लेकर विभिन्न हाईराइज सोसाइटी में जा रहे हैं. मॉक ड्रिल के दौरान आपातकालीन निकास मार्गों की भी जांच की जा रही है ताकि किसी भी आपात स्थिति के होने पर आपातकालीन मार्ग अवरुद्ध न हो. अग्निशमन अधिकारियों द्वारा मॉक ड्रिल के दौरान निवासियों को अग्निशमन सुरक्षा उपकरणों को चलाने के बारे में भी अल्प प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है. निवासियों को बताया जा रहा है कि वह अपनी सोसाइटी में व्यक्तिगत तौर पर जाकर चेक करें कि अग्नि सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम है या नहीं. मानकों के अनुरूप सभी उपकरण काम कर रहे हैं या नहीं, यदि किसी प्रकार की कोई खामी नजर आती है तो अग्निशमन विभाग को सूचित करें.
गाजियाबाद में तकरीबन 350 से अधिक हाईराइज सोसाइटी है. अग्निशमन विभाग का लक्ष्य है कि विशेष अभियान के तहत सभी 350 से अधिक सोसाइटी में मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा. इसके अतिरिक्त विभिन्न शॉपिंग मॉल, मेट्रो और रैपिड ड्रिल स्टेशन, औद्योगिक इकाइयां और कार्यालय में भी लोगों को मॉकड्रिल आयोजित कर जागरूक किया जाएगा.
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल का कहना है कि गर्मी में आग लगने की घटनाएं बढ़ जाती है. ऐसे में आग लगने पर क्या कुछ कदम उठाने हैं, कैसे जान माल को सुरक्षित रखना है, उपकरणों का इस्तेमाल कैसे करना है, इस बारे में लोगों को अग्निशमन विभाग द्वारा मॉक ड्रिल का आयोजन कर जागरूक किया जा रहा है. अग्निशमन विभाग की टीम फायर टेंडर और तमाम उपकरणों को मौके पर लेकर पहुंचती है ताकि लोगों को बारीकी से समझाया जा सके. मॉक ड्रिल को लेकर विभिन्न अपार्टमेंट ओनर एसोसिएशन को शेड्यूल भेजा गया है और उनसे कहा गया है कि अधिक से अधिक लोगों को मॉडल में शामिल होने के लिए मोटिवेट करें.