उत्तर प्रदेश: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्ष की सार्वजनिक यात्रा के पूरे होने के उपलक्ष्य में उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल ने जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नाम नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर रखने को मंजूरी दे दी है.
शुक्रवार को कैबिनेट की बैठक के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एनडीए में शामिल घटक दलों निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर, अपना दल (एस) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. आशीष पटेल, राष्ट्रीय लोकदल के मंत्री अनिल कुमार की उपस्थिति में जानकारी दी.
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नाम 'नरेन्द्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट'… pic.twitter.com/EPejVecayd
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) October 9, 2026
लोकभवन में मीडिया से मुखातिब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 7 अक्टूबर का दिन देश के इतिहास में एक गौरवशाली अध्याय के रूप में दर्ज हुआ है. सरकार के प्रमुख रूप में अनवरत चल रही समर्पित सेवा यात्रा के 25 वर्ष पूरे होने पर उत्तर प्रदेश का मंत्रिपरिषद प्रधानमंत्री मोदी का हार्दिक अभिनंदन करती है. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के लिए विशेष गौरव का विषय है कि प्रधानमंत्री जी उत्तर प्रदेश की धरा से ही लोकप्रिय जनप्रतिनिधि और सांसद के रूप में देश का नेतृत्व कर रहे हैं.
उन्होंने सेवा ही समर्पण, और राष्ट्र प्रथम को अपना मूलमंत्र मानते हुए राष्ट्र निर्माण को अपना सर्वोच्च ध्येय बनाया है. प्रधानमंत्री की 25 वर्ष की अनवरत यात्रा जनसेवा से जनकल्याण, जनभागीदारी से जनविश्वास की अनूठी मिसाल है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का औऱ उत्तरप्रदेश का रिश्ता बेहद आत्मीय है. जब प्रधानमंत्री 2014 मे काशी आये थे, तो उन्होंने कहा था कि मुझे माँ गंगा ने बुलाया है. काशी और मां गंगा से आरंभ हुआ आत्मीय सम्बंध समय के साथ निरंतर गहरा हुआ और आज राज्य के सर्वांगीण कायाकल्प का आधार बना है. केंद्र और राज्य के साझा संकल्प और टीम इंडिया भावना के साथ उत्तरप्रदेश अभूतपूर्व प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है.
इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश में हुए विकास कार्यक्रमों का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश मंत्रिपरिषद प्रधानमंत्री की आभारी है. जिन्होंने उत्तर प्रदेश को नोयडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जेवर की सौगात दी. यह उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट और भविष्य में देश का सबसे बड़ा एविएशन हब बनने जा रहा है. ऐसे में मंत्रिपरिषद ने नोयडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नाम नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट नोयडा, जेवर रखने का भी प्रस्ताव पास किया है.
उत्तर प्रदेश मंत्रिपरिषद प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व, प्रेरणादायी मार्गदर्शन, और राज्य के प्रति अटूट व निरंतर समर्पण के लिए मुक्त कंठ से अभिनन्दन व्यक्त करती है.
