उत्तर प्रदेश गोरखनाथ मंदिर में CM योगी ने किया कन्या-पूजन; वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बेटियों के पांव पखारे
उत्तर प्रदेश

गोरखनाथ मंदिर में CM योगी ने किया कन्या-पूजन; वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बेटियों के पांव पखारे

उत्तर प्रदेश: मुख्यमंत्री और गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने शारदीय नवरात्रि महानवमी तिथि पर गोरक्षपीठ की परंपरा के अनुरूप कन्या पूजन किया. गोरखनाथ मंदिर में आयोजित कन्या पूजन अनुष्ठान में गोरक्षपीठाधीश्वर ने नौ दुर्गा स्वरूपा कन्याओं के पांव पखारे. विधि-विधान से पूजन किया, चुनरी ओढ़ाई, आरती उतारी, श्रद्धापूर्वक भोजन कराया, दक्षिणा और उपहार देकर उनका आशीर्वाद लिया. मुख्यमंत्री ने परंपरा का निर्वहन करते हुए बटुक पूजन भी किया.

मुख्यमंत्री और गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गोरखनाथ मंदिर के अन्न क्षेत्र के प्रथम तल स्थित भोजन कक्ष में पीतल के परात में जल से नौ नन्हीं बालिकाओं के बारी-बारी पांव धोए. श्रीदुर्गासप्तशती के मंत्रों की गूंज के बीच उनके माथे पर रोली, चंदन, दही, अक्षत आदि का तिलक लगाया.

पुष्प और शक्तिपीठ की वेदी पर उगाए गए जौ के ज्वारे से उनका अभिषेक किया. माला पहनाकर, चुनरी ओढ़ाकर, उपहार और दक्षिणा प्रदान कर आशीर्वाद लिया. पूजन के बाद कन्याओं और बटुकों को मंदिर की रसोई में पकाया गया ताजा भोजन प्रसाद सीएम योगी ने अपने हाथों से परोसा.

नौ कन्याओं के अतिरिक्त बड़ी संख्या में पहुंची बालिकाओं और बटुकों का भी मुख्यमंत्री ने पूजन कर आरती उतारी. अन्न क्षेत्र के प्रथम तल के साथ ही भूतल पर भी कन्या भोज की व्यवस्था की गई थी. भोज में सभी कन्याओं और बटुकों को श्रद्धापूर्वक भोजन कराकर उपहार और दक्षिणा दिया गया.

महराजजी यानी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का प्यार-दुलार पाने के लिए नन्हीं बालिकाओं और बटुकों की आतुरता देखते ही बन रही थी. सत्कार और स्नेह के भाव से मुख्यमंत्री ने एक-एक कर नौ कन्याओं व बटुक भैरव के पांव पखारे और पूजन किया.

इस दौरान सीएम योगी के हाथों दक्षिणा मिलने से बालिकाएं काफी प्रसन्न दिखीं. पूजन के बाद कन्याओं और बटुकों को स्वयं अपने हाथों से भोजन परोसते समय सीएम योगी निरंतर आत्मीय संवाद भी करते रहे. यह भी ख्याल रखते रहे कि किसी भी बालक-बालिका की थाली में प्रसाद की कोई कमी न रहे. वह मंदिर व्यवस्था से जुड़े लोगों को निर्देशित करते रहे.

कन्या पूजन के दौरान गोरखनाथ मंदिर के प्रधान पुजारी योगी कमलनाथ, कालीबाड़ी के महंत रविंद्रदास सहित कई साधु, संत उपस्थित रहे. सीएम योगी ने कन्या पूजन से पहले प्रातः काल के पूजन सत्र में मंदिर के शक्तिपीठ में मां सिद्धिदात्री की विधि-विधान से आराधना की.

Exit mobile version