उत्तर प्रदेश गाजियाबाद: मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए 95 हजार ने भरे फॉर्म-6, 28-29 नवंबर को फिर मिलेगा मौका
उत्तर प्रदेश

गाजियाबाद: मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए 95 हजार ने भरे फॉर्म-6, 28-29 नवंबर को फिर मिलेगा मौका

गाजियाबाद: मतदाता सूची के SSR अभियान के तहत नए मतदाता बनने और मतदाता सूची में नाम और अन्य जानकारी दुरुस्त करने के लिए लोगों में उत्साह देखने को मिल रहा है. अभियान के तहत जिले भर में करीब 95 हज़ार लोगों ने मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भरे हैं. वहीं, फार्म-6, फार्म-7 और फॉर्म-8 को मिलाकर अब तक 1.25 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं. प्रशासन की ओर से प्राप्त आवेदनों के आधार पर मतदाता सूची को अपडेट करने की प्रक्रिया को अंजाम दिया जा रहा है.

वहीं, मेरठ मंडल के मंडल आयुक्त भानु चंद्र गोस्वामी 26 नवंबर को गाजियाबाद के दौरे पर रहे. जिलाधिकारी रविंद्र कुमार माँदड़ के मुताबिक, जिला मुख्यालय पहुंचकर मंडलायुक्त ने विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से फीडबैक लिया. इसके बाद जिले के सभी ERO के साथ बैठक की गई. अभियान की लगातार समीक्षा की जा रही है. मुख्य उद्देश्य है कि इस कार्रवाई के दौरान कोई भी मतदाता ना छूट पाए. लगातार जनपद वासियों से मतदाता सूची में अपने नाम और अन्य तमाम जानकारियां को चेक करने की अपील की जा रही है. बूथ लेवल अधिकारी भी घर घर जाकर अभियान को सफल बनाने में जुटे हैं. सुनिश्चित किया जा रहा है कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुका कोई भी व्यक्ति मतदाता सूची से न छूटे.

मिली जानकारी के मुताबिक, 17 नवंबर से अब तक कुल 95 हजार लोगों ने मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 जमा किए हैं. मंडलायुक्त भानु चंद्र गोस्वामी के मुताबिक, 17 नवंबर से कार्यक्रम की शुरुआत हुई है. कार्यक्रम की शुरुआत होने क्विजकी शुरुआती आठ दिनों में अभियान में अच्छी प्रगति देखने को मिली है. 16 दिसंबर तक अभियान जारी रहेगा. 15 से 16 प्रतिशत की प्रगति देखने को मिली है.

गाजियाबाद में 28 और 29 नवंबर को भी विशेष अभियान संचालित किया जाएगा. विशेष अभियान के तहत विभिन्न क्षेत्रों में कैंपों का आयोजन किया जाएगा. कैंपों में क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारी मौजूद रहेंगे. इसके अलावा स्थानीय निवासियों द्वारा लोगों को कैंप में शामिल होकर मतदाता सूची में नाम और अन्य जानकारी अपडेट करने को लेकर भी प्रेरित किया जाएगा.

बता दें, गाजियाबाद में 16 नवंबर 2026 को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2027 के तहत ड्राफ्ट वोटर लिस्ट का प्रकाशन किया गया था. 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 के बीच मतदाता सूची के सत्यापन और आवश्यक संशोधन की प्रक्रिया चल रही है. जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न माध्यमों से लोगों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और अन्य जानकारी को अपडेट करने के लिए लगातार अपील की जा रही है. विभिन्न शैक्षिक संस्थाओं, सामाजिक संगठन, राजनीतिक दल और अन्य संगठनों के माध्यम से लोगों को अधिक से अधिक संख्या में आगे आकर इस प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की जा रही है.

Exit mobile version