ग्रेटर नोएडा: समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष और वरिष्ठ पत्रकार जितेन्द्र बच्चन ने कहा है कि संविधान दिवस दिवस मनाने का उद्देश्य नागरिकों में संवैधानिक मूल्यों, अधिकारों और मौलिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है. क्योंकि संविधान केवल एक किताब नहीं है. यह भारत की आत्मा है. यह हमें समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व का संदेश देता है.
जितेन्द्र बच्चन ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क-3 स्थित पीआईआईटी कॉलेज में संविधान दिवस के आयोजित कार्यक्रम में वतौर मुख्य वक्ता शिक्षकों और छात्र-छात्राओं को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने कहा कि संविधान हमें हमारे अधिकारों की याद दिलाता है, कर्तव्यों के प्रति जागरूक करता है और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारियों का भाव जगाता है. भारतीय संविधान की मूल भावना, संवैधानिक नैतिकता तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाता है.

शिक्षण संस्थान के चेयरमैन प्रोफेसर (डॉ.) भरत सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर और संविधान सभा के सदस्यों के योगदान को याद करते हुए इन आदर्शों को केवल शब्दों तक सीमित न रखें, बल्कि हम सभी को संविधान के आदर्शों को अपने आचारण में उतारना चाहिए. उनके अलावा अन्य वक्ताओं ने भी संविधान के मौलिक अधिकारों व नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया. कार्यक्रम में पीआईआईटी के विद्यार्थियों ने भी सहभागिता की. फैकल्टी और छात्र-छात्राओं ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया तथा रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से संविधान निर्माण की गौरवशाली यात्रा, संविधान सभा के सदस्यों और उनके योगदान को जाना.
कार्यक्रम के जरिए नई पीढ़ी को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के संवैधानिक आदर्शों से भी परिचित कराया गया. अंत में श्रीमती मिथिलेश सिंह और श्रीमती जागेश सिंह ने राष्ट्र गान प्रस्तुत कर कार्यक्रम का समापन किया. इस अवसर पर प्रोफेसर आरके शाक्य, प्रोफेसर बीएस रावत, डॉ. अंजुम आरा, डॉ. प्रियंका अहिरवार, आरके अग्रवाल, पवन कुमार, जैनेन्द्र कुमार, मंजीत सिंह के अलावा संस्थान के सभी शिक्षक, कर्मचारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे.