दिल्‍ली-एनसीआर गुरु नानक जयंती: पीएम मोदी समेत कई दिग्गज नेताओं ने किया नमन, सेवा और समानता के मार्ग पर चलने का आह्वान
दिल्‍ली-एनसीआर

गुरु नानक जयंती: पीएम मोदी समेत कई दिग्गज नेताओं ने किया नमन, सेवा और समानता के मार्ग पर चलने का आह्वान

दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को सिख धर्म के संस्थापक श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि गुरु साहिब की शाश्वत शिक्षाएं आज भी पूरी मानवता का मार्गदर्शन कर रही हैं और हमें दया, एकजुटता तथा सर्वकल्याण पर आधारित समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करती हैं.

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर पोस्ट करते हुए लिखा, “श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के शुभ अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं. उनकी शाश्वत शिक्षाएं मानवता का मार्गदर्शन करती रहती हैं. उनका संदेश हमें दया, एकजुटता और सबके कल्याण पर आधारित समाज बनाने की प्रेरणा दे.”

इसके साथ ही, एक वीडियो संदेश के माध्यम से प्रधानमंत्री ने गुरु नानक देव जी के उपदेशों की वैश्विक प्रासंगिकता को रेखांकित किया. उन्होंने कहा कि गुरु नानक जी के अनमोल संदेश न केवल भारत, बल्कि पूरे विश्व के लिए प्रेरणादायक हैं और हमें सादगी, सद्भाव तथा दूसरों के प्रति समर्पण अपनाने की सीख देते हैं. पीएम मोदी ने आगे कहा कि गुरु साहिब ने सदैव मानवता के कल्याण के बारे में सोचा और समाज को सत्य, धर्म, करुणा व सेवा का मार्ग दिखाया. आज दुनिया भर में हमारे सिख भाई-बहन उनकी इसी सेवा की शिक्षा का पालन कर रहे हैं.

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने किया ‘इक ओंकार’ का स्मरण

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी गुरु नानक देव जी की जयंती पर शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए प्रेम, समानता और सद्भाव के उनके संदेश को याद किया. ‘एक्स’ पर साझा किए गए संदेश में उन्होंने कहा कि गुरु साहिब ने एक ऐसे समाज की परिकल्पना की थी जो जाति, सामाजिक ऊंच-नीच और भेदभाव से मुक्त हो, जहां प्रत्येक व्यक्ति को समान सम्मान और गरिमा मिले.

रक्षा मंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने मानवता को ‘इक ओंकार’ का शाश्वत संदेश दिया और ईश्वर की एकता का बोध कराया. उनका ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ का सिद्धांत हमें ईश्वर का स्मरण करने, ईमानदारी से आजीविका कमाने और अपनी कमाई को जरूरतमंदों के साथ बांटने के लिए प्रेरित करता है.

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और योगी आदित्यनाथ ने दी बधाई

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी सिख समुदाय और नागरिकों को प्रकाश उत्सव की बधाई देते हुए कहा कि गुरु साहिब का प्रेम, समानता और भाईचारे का संदेश पूरी मानवता के लिए प्रेरणास्रोत है. उन्होंने सभी से जीवन में ‘सरबत दा भला’ की पवित्र भावना को अपनाने और सबकी भलाई के लिए कार्य करने का संकल्प लेने का आह्वान किया.

वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरु नानक देव जी को नमन करते हुए कहा कि सत्य, धर्म, समानता और करुणा पर आधारित उनका जीवन दर्शन संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणा का अक्षय स्रोत है, जो हमें सेवा और नैतिक मूल्यों के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है.

उल्लेखनीय है कि प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी को समानता, करुणा और निस्वार्थ सेवा की शिक्षाओं के लिए जाना जाता है. ‘सरबत दा भला’ अर्थात सभी के कल्याण का उनका संदेश आज भी समाज के हर वर्ग के लिए अत्यंत प्रासंगिक है.

Exit mobile version