दिल्ली: केंद्र सरकार ने 30 नवंबर को लोकसभा और 2 दिसंबर से राज्यसभा का सत्र बुलाया है. सरकार ने संसद के दोनों सदनों की बैठक दोबारा बुलाने का अनुरोध किया है. इसकी जानकारी केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने दी. केंद्रीय मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा के सभापति से आग्रह किया है कि लोकसभा की बैठक सोमवार (30 नवंबर 2026) को और राज्यसभा की बैठक बुधवार (2 दिसंबर 2026) को फिर से बुलाई जाए. इसका उद्देश्य सदनों में जरूरी सरकारी कामकाज को निपटाना है. पीएम मोदी ने पहले संसद सत्र को लेकर एनडीए सांसदों को दिल्ली में रहने का आदेश दिया था.
केंद्र सरकार की ओर से किए गए अनुरोध के मुताबिक, कामकाज की आवश्यकताओं को देखते हुए दोनों सदनों की कार्यवाही गुरुवार (3 दिसंबर 2026) को समाप्त हो सकती है. इसके तहत लोकसभा और राज्यसभा की बैठकें निर्धारित तारीखों पर दोबारा शुरू होंगी. इस सत्र में आवश्यक विधायी एवं सरकारी कामकाज पूरा किया जाएगा.
The Government has requested Hon’ble Speaker, Lok Sabha and Hon’ble Chairman, Rajya Sabha to reconvene Lok Sabha on Monday, 30th November, 2026 and Rajya Sabha on Wednesday, 2nd December, 2026 respectively to transact essential Government Business. Subject to exigencies of the…
— Kiren Rijiju (@KirenRijiju) November 26, 2026
सूत्रों के अनुसार बीजेपी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े अपने विधायी पैकेज को आगे बढ़ाने की नई कोशिश कर सकती है. इस पैकेज का मकसद लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण लागू करना और साथ ही परिसीमन ढांचे में बदलाव करना है.
सरकार के प्रस्तावित परिसीमन कानून में पहले लोकसभा की सदस्य संख्या को काफी बढ़ाने की योजना थी. साथ ही इसमें महिला आरक्षण कानून को लागू करने का ढांचा भी शामिल था. महिला आरक्षण कानून 2023 में पारित हो गया था, लेकिन इसे लागू करने की शर्त भविष्य में होने वाली जनगणना और परिसीमन प्रक्रिया से जोड़ दी गई है.
सरकार का संसद का सत्र फिर से बुलाने का यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब 13 अगस्त को अनिश्चित काल के लिए स्थगित होने के बाद से मानसून सत्र 100 दिनों से भी अधिक समय तक औपचारिक रूप से समाप्त नहीं किया गया था. इस लंबे और असामान्य अंतराल को देखते हुए यह कयास लगाए जा रहे थे कि सरकार परिसीमन पैकेज पर काम करने के लिए बहुत कम समय के नोटिस पर सदन की बैठक फिर से बुला सकती है. ऐसे में अब दोनों सदनों की ये बैठक फिर से शुरू होने वाली है.
