दिल्‍ली-एनसीआर

पीएम मोदी ने पायलट कैप्टन स्मित मच्छर से की बात, कैप्टन ने सुनाई पूरी दास्तां

दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज शुक्रवार 2 अक्टूबर 2026 को भारत के बहादुर पायलट कैप्टन स्मित मच्छर से फोन पर बात की. बता दें, दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान के दौरान, अपने को-पायलट के हमले को नाकाम करने की उनकी बहादुरी ने 180 लोगों की जान बचाई थी.

कैप्टन मच्छर ने प्रधानमंत्री को अपने अनुभव के बारे में बताया और उस घटना के दौरान उन्हें किस चीज से हिम्मत मिली, इस पर बात की. प्रधानमंत्री ने उनकी बहादुरी की तारीफ की और उनके जल्द ठीक होने की कामना की. संयुक्त अरब अमीरात में भारत के दूत दीपक मित्तल के अनुसार, कैप्टन स्मित मच्छर की हालत स्थिर है और संयुक्त अरब अमीरात के एक अस्पताल में उनका स्वास्थ्य ठीक हो रहा है. यहां एक अस्पताल में घायल पायलट और उसके परिवार से मुलाकात करने वाले दीपक मित्तल ने कहा कि स्मित मच्छर का मनोबल ऊंचा है और वह मुस्कुरा रहे हैं और हंस भी रहे हैं.

न्यूज एजेंसी PTI ने सरकारी सूत्रों के हवाले से बताया कि कैप्टन मच्छर ने प्रधानमंत्री को अपने अनुभव के बारे में बताया और उस घटना के दौरान उन्हें किस चीज से हिम्मत मिली, इस पर भी बात की. फोन पर बातचीत के दौरान, पीएण मोदी ने कैप्टन स्मित की बहादुरी की तारीफ की और उनके जल्द ठीक होने की कामना की.

पीएम मोदी से बात करते हुए कैप्टन स्मित मच्छर ने कहा कि जब भी मैं मुश्किल में होता हूं, तब मैं हनुमानजी को याद करता हूं और हनुमान चालीसा पढ़ता हूं. फ्लाइट के समय में भी वह हनुमान चालीसा का पाठ कर रहे थे. उन्होंने पीएम मोदी से फोन पर बात करते हुए कहा कि उनके मन में बस यही चल रहा था कि किसी भी कीमत पर किसी को मरने नहीं दूंगा . इसके बाद पीएम मोदी ने कहा कि पूरा देश आप पर गर्व करता है और आगे भी गर्व करेगा. उन्होंने कहा कि भारतीय किसी की जान नहीं लेते बल्कि दूसरों की जान बचाते हैं. बातचीत के दौरान उन्होंने कैप्टन स्मित की मां गीताबेन का भी जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने भगवद्गीता की सीख और अच्छे संस्कारों के साथ बड़ा किया है.

अस्पताल के दौरे के बाद प्रसार भारती से बात करते हुए राजदूत ने कहा कि कैप्टन का अच्छा इलाज हो रहा है और भारतीय दूतावास अधिकारियों के लगातार संपर्क में है. डॉ. मित्तल ने प्रसार भारती को बताया कि मैं अभी यूएई (UAE) के अस्पताल में उनसे और उनके परिवार से मिला और उनकी हालत ठीक है. उन्हें ठीक और काफी स्थिर देखकर मुझे बहुत राहत और तसल्ली मिली. वे बातचीत कर रहे थे. उन्हें थोड़ी बेचैनी जरूर थी, लेकिन मुझे लगता है कि यूएई (UAE) में उनका इलाज अच्छी तरह से हो रहा है.

कैप्टन मच्छर को ‘भारत का बहादुर बेटा’ बताते हुए, राजदूत ने हवा में हुई इमरजेंसी के दौरान उनकी बहादुरी भरी प्रतिक्रिया की तारीफ की और कहा कि उनके कामों से सैकड़ों लोगों की जान बची और एक बड़ी दुर्घटना टल गई. इससे पहले गुरुवार को प्रधानमंत्री मोदी ने हवा में कॉकपिट पर हुए हमले के दौरान कैप्टन मच्छर की हिम्मत और सूझबूझ की तारीफ की. उन्होंने कहा कि पायलट की बहादुरी ने पूरे देश को गर्व महसूस कराया है और एक बड़ी त्रासदी को टालने में मदद की है.

प्रधानमंत्री मोदी ने उस घटना को याद किया और गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद हिम्मत दिखाने के लिए मच्छर की तारीफ की. उस घटना के दौरान, भारत के कैप्टन स्मित ने अद्भुत धैर्य, सूझ-बूझ और साहस का परिचय दिया. सच तो यह है कि जैसा कि आज इजराइल के प्रधानमंत्री ने कहा कि एक भारतीय ने 9/11 जैसी त्रासदी को होने से रोक दिया. पीएम मोदी ने कहा कि हमारे देश के हर नागरिक के लिए, स्मित की वीरता गर्व का विषय है. प्रधानमंत्री ने बताया कि उन्होंने मच्छर के परिवार से बात की और उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *