दिल्ली: लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री प्रवेश वर्मा सड़क निर्माण कार्य के निरीक्षण के दौरान एक युवक को थप्पड़ मारने के आरोपों को लेकर विवादों में घिर गए हैं. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है.
घटना पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां मंत्री प्रवेश वर्मा सड़क की गुणवत्ता का निरीक्षण करने पहुंचे थे. वायरल वीडियो में एक युवक मोबाइल से घटनाक्रम रिकॉर्ड करता दिखाई देता है, जिसके दौरान मंत्री उसके फोन को नीचे करते हुए उसे थप्पड़ मारते नजर आते हैं.
युवक, जिसकी पहचान साहिब सिंह के रूप में हुई है, ने आरोप लगाया कि वह स्थानीय विधायक की सोशल मीडिया टीम के साथ सड़क की स्थिति का वीडियो बना रहा था. उसका दावा है कि सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठाने के बाद मंत्री ने उसे थप्पड़ मारा और साथ मौजूद लोगों ने धमकी भी दी। युवक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की बात कही है.
वहीं, घटना के बाद आम आदमी पार्टी ने मंत्री के खिलाफ कार्रवाई और एफआईआर दर्ज करने की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया. दूसरी ओर, प्रवेश वर्मा ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि घटना के दौरान उनके परिवार के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया और “जो हुआ, वह नहीं होना चाहिए था”.

