सीएम योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को मेरठ में 2913 करोड़ रुपये की औद्योगिक परियोजना का वर्चुअल शिलान्यास किया - TV News Today
उत्तर प्रदेश

सीएम योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को मेरठ में 2913 करोड़ रुपये की औद्योगिक परियोजना का वर्चुअल शिलान्यास किया

उत्तर प्रदेश: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को मेरठ में 2913 करोड़ रुपये की औद्योगिक परियोजना का वर्चुअल शिलान्यास किया. पांच कालिदास मार्ग स्थित आवास से वर्चुअली शामिल हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश की यात्रा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव साबित होगी. उन्होंने इसे उत्तर प्रदेश के प्रति वैश्विक निवेशकों के बढ़ते विश्वास का प्रमाण बताया.

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में औद्योगिक निवेश की गति लगातार बढ़ रही है. कुछ दिन पहले सीएनएच इंडस्ट्रियल के करीब 1200 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट का भूमिपूजन हुआ था.

वहीं, दो दिन पहले ताइवान की कंपनी क्रिएटिव सेंसर के साथ करीब 1100 करोड़ रुपये के निवेश को लेकर आगे बढ़े हैं. अब मेरठ में 2913 करोड़ रुपये की परियोजना का शिलान्यास इसी क्रम की अगली कड़ी है.

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नमो भारत रैपिड रेल, दिल्ली-मेरठ 12 लेन एक्सप्रेसवे और गंगा एक्सप्रेसवे के माध्यम से यह क्षेत्र दिल्ली-एनसीआर से बेहतर तरीके से जुड़ रहा है. इसके साथ ही ईस्टर्न और वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर की पहुंच मेरठ को मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी उपलब्ध करा रही है. इससे मेरठ उद्योग और निवेश के प्रमुख लॉजिस्टिक केंद्र के रूप में स्थापित हो रहा है.

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में औद्योगिक विकास की तुलना करते हुए कहा कि 2017 से पहले जिस धीमी गति से काम हो रहा था, उसी रफ्तार से अगले साढ़े नौ वर्षों में केवल 1700 से 1800 फैक्ट्रियां ही स्थापित हो पातीं, जबकि आज प्रदेश में 35 हजार से अधिक फैक्ट्रियां हैं.

उन्होंने कहा कि यह बदलाव पॉलिसी पैरालिसिस से प्रदेश को बाहर निकालने, बेहतर कानून व्यवस्था और निवेश के अनुकूल माहौल तैयार करने से संभव हुआ है.

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि देश के मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी 55 प्रतिशत है, जबकि इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट के कुल राष्ट्रीय उत्पादन में प्रदेश की हिस्सेदारी 60 प्रतिशत तक पहुंच गई है. उन्होंने कहा कि औद्योगिक परियोजनाओं के जरिए प्रदेश में निवेश के साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *