उत्तर प्रदेश

सीएम योगी ने ग्रेटर नोएडा के YEIDA सेक्टर-10 में निवेश और औद्योगिक परियोजनाओं का किया शुभारंभ

नोएडा: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को गौतमबुद्ध नगर (ग्रेटर नोएडा) के दौरे के दौरान प्रदेश को एक और ऐतिहासिक औद्योगिक सौगात प्रदान की. यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के सेक्टर-10 में आयोजित भव्य समारोह में मुख्यमंत्री ने देश की अग्रणी इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण कंपनियों Amber Enterprises एवं Ascent-K की निवेश परियोजनाओं का भूमि पूजन एवं ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी संपन्न की.

यह निवेश परियोजनाएं उत्तर प्रदेश को इलेक्ट्रॉनिक्स एवं हाई-टेक मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही हैं. इन परियोजनाओं से प्रदेश में बड़े पैमाने पर निवेश आकर्षित होगा, आधुनिक तकनीक का विस्तार होगा तथा हजारों युवाओं के लिए प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश का सबसे भरोसेमंद निवेश गंतव्य बन चुका है. राज्य सरकार की उद्योग अनुकूल नीतियों, पारदर्शी कार्यप्रणाली, बेहतर कानून-व्यवस्था और विश्वस्तरीय आधारभूत संरचना के कारण देश-विदेश की प्रतिष्ठित कंपनियां उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए आगे आ रही हैं.

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के विजन को साकार करने में उत्तर प्रदेश अग्रणी भूमिका निभा रहा है. नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर, मोबाइल निर्माण और अत्याधुनिक औद्योगिक इकाइयों के प्रमुख केंद्र के रूप में तेजी से विकसित हो रहे हैं.

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि Amber और Ascent-K की ये नई परियोजनाएं प्रदेश की औद्योगिक प्रगति को नई गति देंगी तथा उत्तर प्रदेश को ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देंगी.

इस अवसर पर प्रदेश सरकार के मंत्रीगण, जनप्रतिनिधि, यमुना प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी, उद्योग जगत के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में निवेशक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *