काशी तमिल संगमम् की भव्य शुरुआत, उप-राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, सीएम योगी मौजूद - TV News Today
उत्तर प्रदेश

काशी तमिल संगमम् की भव्य शुरुआत, उप-राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, सीएम योगी मौजूद

उत्तर प्रदेश: काशी तमिल संगमम् 5.0 का भव्य आगाज बनारस के नमो घाट पर हो चुका है. उद्घाटन कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रहलाद जोशी और गणमान्य लोग मौजूद हैं.

इससे पहले तमिलनाडु से काशी पहुंचे 200 छात्रों के पहले ग्रुप का ग्रैंड वेलकम किया गया. मेहमानों को शनिवार सुबह विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन कराया गया. साथ हीं काशी भ्रमण करवाया गया. सभी डेलीगेट्स नमो घाट पहुंचे हैं, जहां इसकी औपचारिक शुरुआत हो रही है.

इस आयोजन में दोनों राज्यों की संस्कृति को मजबूत करने के लिए नमो घाट पर 50 से ज्यादा स्टाल लगाए गए हैं. इसमें तमिलनाडु और काशी की सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी सामग्री उपलब्ध है. तमिलनाडु के खिलौने, वहां के बर्तन, कपड़े खाद्य-सामग्री को एक-दूसरे तक पहुंचाने का काम किया जा रहा है.

नमो घाट पर हो रहा कार्यक्रम.

काशी तमिल संगमम् के तहत वाराणसी में आयोजित कार्यक्रम में कुल 1400 लोगों को शामिल होना है. नमो घाट पर मुख्य आयोजन शुरू हो चुका है. इस आयोजन का समापन 12 दिसंबर को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे.

‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की भावना को बढ़ावा देने और उत्तर-दक्षिण की भारतीय संस्कृति को समझने में यह कार्यक्रम महत्वपूर्ण है. दोनों की विरासत को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से भाषा-साहित्य, ज्ञान परंपरा को एक मंच पर लाने का प्रयास कार्यक्रम के तहत किया जा रहा है.

इस साल की थीम तिरुक्कुरल पयिलवोम यानी थिरुकुरल का अभ्यास करें रखी गई है. आयोजन के दौरान तमिल के महान शास्त्रीय ग्रंथ थिरुक्कुरल के ज्ञान और शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने का काम आयोजन में जारी रहेगा. संत कवि तिरुवल्लुवर द्वारा रचित यह कालजयी ग्रंथ नैतिकता जीवन मूल्य और आचरण की शिक्षा देता है. काशी हिंदू विश्वविद्यालय और आईआईटी बीएचयू इस आयोजन के प्रमुख साझेदार हैं.

काशी तमिल संगमम्.

दोनों संस्थान संगमम् के तहत शैक्षणिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने, संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं. काशी तमिल संगमम् के इस संस्करण में तमिलनाडु के सात समूहों के कुल 1750 प्रतिनिधियों के आने का कार्यक्रम है. प्रत्येक समूह में 250 सदस्य होंगे.

काशी के अलावा प्रयागराज और अयोध्या में भी इनका जाना होगा. काशी तमिल संगम की थीम को विद्यार्थियों तक पहुंचाने के लिए तमिलनाडु के हिंदी के जानकार 50 शिक्षक भी यूपी आए हैं.यह शिक्षक वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या में विद्यार्थियों को थिरुकुरल की शिक्षाओं से परिचित कराएंगे. वाराणसी में 20, प्रयागराज में 15 और अयोध्या में 15 शिक्षक तैनात किए गए हैं. इस पहल के लिए 3000 विद्यार्थियों को लाभान्वित करने का कार्यक्रम रखा गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *