उत्तर प्रदेश

गाजियाबाद: एसोटेक द नेस्ट सोसाइटी में अर्बन कंपनी की वर्कर से मारपीट, गार्ड का सिर फटा, पुलिस के सामने चले डंडे

गाजियाबाद: क्रॉसिंग रिपब्लिक इलाके में उस वक्त भारी बवाल हो गया, जब ‘अर्बन कंपनी’ की महिला कर्मचारियों और सोसाइटी के लोगों के बीच जमकर मारपीट हुई. मामला एसोटेक द नेस्ट सोसाइटी का है, जहां एक मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया. सोसाइटी के गेट पर घंटों तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा, जिसमें एक सुरक्षाकर्मी का सिर फट गया और कई अन्य लोग चोटिल हुए हैं.

घटना की शुरुआत उस वक्त हुई जब अर्बन कंपनी की एक घरेलू सहायिका काम के लिए सोसाइटी में पहुंची थी. जानकारी के मुताबिक, सहायिका की बुकिंग E-टावर के लिए थी, लेकिन वहां पहुंचने पर उसे F-टावर जाने के लिए कहा गया. जब महिला कर्मचारी ने इससे इनकार किया, तो सोसाइटी के एक पदाधिकारी की पत्नी के साथ उसकी तीखी बहस हो गई. आरोप है कि फ्लैट मालकिन ने महिला कर्मचारी के साथ गाली-गलौज और मारपीट की.

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि विवाद के दौरान एक युवक महिला कर्मचारी से अभद्रता कर रहा है और मारपीट पर उतारू है. अपनी साथी के साथ हुई इस बदसलूकी की खबर जैसे ही अन्य अर्बन कंपनी कर्मियों को मिली, दर्जनों की संख्या में महिला और पुरुष कर्मचारी सोसाइटी के गेट पर पहुंच गए. आक्रोशित कर्मचारियों ने सुरक्षा गार्डों को हटाकर जबरन अंदर घुसने की कोशिश की और डंडे बरसाने शुरू कर दिए.

हंगामे की सूचना मिलते ही क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना पुलिस मौके पर पहुंची. हालांकि, प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि पुलिस काफी देर तक मूकदर्शक बनी रही. महिलाओं के बीच विवाद होने के कारण पुलिस दखल देने से हिचकिचाती दिखी. इस बीच हुई पत्थरबाजी और लाठीचार्ज में सोसाइटी के एक गार्ड के सिर में गंभीर चोट आई है, वहीं एक घरेलू सहायिका के भी घायल होने की खबर है.

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी सरिता मलिक ने बताया कि स्थिति को नियंत्रण में कर लिया गया है. उन्होंने कहा, ‘घरेलू सहायिका की शिकायत दर्ज कर ली गई है और मेडिकल जांच के आधार पर कार्रवाई की जा रही है. मौके के सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल वीडियो की जांच की जा रही है, जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.’ फिलहाल सोसाइटी में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पुलिस बल तैनात है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *