उत्तर प्रदेश

रामनवमी पर अयोध्या में रामभक्तों का सैलाब; सूर्य किरणों से रामलला का अभिषेक, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

उत्तर प्रदेश: रामनवमी पर रामभक्तों का अयोध्या में सैलाब उमड़ पड़ा है. देश और दुनियाभर से लाखों श्रद्धालु रामलला के दर्शन करने रामनगरी पहुंच गए हैं. भक्तों के आने का सिलसिला देरशाम तक जारी रहने की संभावना है. सुबह पांच बजे से ही रामलला के दर्शन जारी है. लोगों की लंबी कतार देखी जा रही है. वहीं रामनवमी को देखते हुए पूरे अयोध्या में सुरक्षा से लेकर लोगों के सुलभ दर्शन हो सकें इसके लिए चाक चौबंद व्यवस्था किए गए हैं.

राम मंदिर के गर्भगृह में रामलला का वैदिक मंत्रों के साथ अभिषेक किया जा रहा है. सुबह 10 बजे से ही शोडपशोचार पूजन के साथ अभिषेक प्रारंभ हुआ. जिसके बाद रामलला का दूध, दही, पंचामृत और सरयू का जल, गंधोधक, सुगन्ध द्रव्य से अभिषेक किया जा रहा है. वहीं दोपहर के समय ठीक 12 बजकर 4 मिनट के लिए रामलाला का सूर्य तिलक किया गया.

राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बताया कि दोपहर 12 बजे भगवान सूर्य अपने कुल में पैदा होने वाले बालक श्री रामलला को तिलक किया गया. 4 मिनट के लिए सूर्य की किरणें उनके ललाट पर आई. चंपत राय ने बताया कि इसरो की संस्था इंस्टीट्यूट आफ फिजिक्स रुड़की की देखरेख में सूर्य तिलक किया गया.

राम जन्मोत्सव पर राममंदिर के साथ ही अयोध्या में स्थापित सभी मंदिरों में श्रद्धालु अपनी आराध्या के भजनों में मन्त्रमुग्ध होकर नाच रहे हैं. मठ मंदिरों में मंगलहारी गीत गूंज रही है. हर तरफ उल्लास और उत्सव का माहौल दिख रहा है. प्राचीन कनक भवन मंदिर, दशरथ महल, मणिराम दासछावनी, राम हर्षण कुन, चारु शिला मंदिर, जानकीमहल, राम बल्लभा कुंज समेत अन्य मंदिरों में उत्सव की छटा बिखेर रही है. जहां आने वाले श्रद्धालुओं उत्सव में शामिल होकर भाव विभोर हो रहे हैं.

रामनगरी में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय नजर आ रहा है. उच्च अधिकारी खुद ग्राउंड जीरो पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं. एडीजी जोन लखनऊ प्रवीण कुमार, कमिश्नर राजेश कुमार, डीएम निखिल टीकाराम फुंडे और एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर लगातार मौके पर मौजूद रहकर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं.

एडीजी प्रवीण कुमार ने बताया कि 26 मार्च को ही 20 लाख से अधिक श्रद्धालु सरयू नदी में स्नान कर चुके थे, जबकि शुक्रवार सुबह से लगभग 10 लाख श्रद्धालु स्नान कर चुके हैं और ये सिलसिला लगातार जारी है. दोपहर 12 बजे भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव मनाया जाएगा. लाखों श्रद्धालु सभी प्रमुख मंदिरों में दर्शन पूजन कर मनोकामाना कर रहे हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *