दिल्‍ली-एनसीआर

राघव चड्ढा का पलटवार: “स्क्रिप्टेड कैंपेन के जरिए छवि खराब करने की कोशिश, हर झूठ का दूंगा जवाब”

दिल्ली: आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्डा ने अपने खिलाफ चल रहे कंपैन पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि एक सुनियोजित तरीके से एक ही भाषा और आरोपों को दोहराकर उनकी छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है. चड्ढा ने तीन बड़े आरोपों को “सफेद झूठ” बताते हुए एक-एक कर उनका जवाब दिया और चुनौती दी कि अगर उनके खिलाफ कोई ठोस सबूत है तो सार्वजनिक किया जाए.

राघव चड्ढा ने कहा कि पिछले कुछ समय से मेरे खिलाफ एक जैसा नैरेटिव चलाया जा रहा है, जो संयोग नहीं बल्कि एक “कोऑर्डिनेटर अटैक” है. उन्होंने पहले इन आरोपों को नजरअंदाज करने का फैसला किया था, लेकिन बाद में लगा कि बार-बार झूठ बोलने से लोगों में भ्रम फैल सकता है, इसलिए जवाब देना जरूरी है.

राघव चड्ढा पर पहला आरोप था कि विपक्ष के वॉकआउट के दौरान वह सदन में ही बैठे रहते हैं. इस पर उन्होंने कहा कि यह “सरासर झूठ” है. उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि एक भी ऐसा उदाहरण सामने लाया जाए जब विपक्ष ने वॉकआउट किया हो और उन्होंने साथ न दिया हो. उन्होंने यह भी कहा कि संसद में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, जिससे सच्चाई आसानी से सामने लाई जा सकती है.

दूसरा आरोप यह लगाया गया कि उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ इम्पीचमेंट मोशन पर हस्ताक्षर करने से इनकार किया. इस पर चड्ढा ने कहा कि पार्टी की ओर से कभी भी इस पर साइन करने के लिए नहीं कहा गया. उन्होंने यह भी बताया कि राज्यसभा में पार्टी के कई अन्य सांसदों ने भी इस मोशन पर हस्ताक्षर नहीं किए. साथ ही उन्होंने यह तर्क दिया कि इस प्रक्रिया के लिए 50 हस्ताक्षरों की आवश्यकता होती है, जो विपक्ष के कुल सांसदों की संख्या के हिसाब से आसानी से पूरे हो सकते थे.

तीसरे आरोप में कहा गया कि चड्ढा डर गए हैं और इसलिए वह गैर-जरूरी मुद्दे उठाते हैं. इस पर उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य संसद में शोर-शराबा करना नहीं, बल्कि जनता के मुद्दों को उठाना है. उन्होंने बताया कि उन्होंने संसद में जीएसटी, आयकर, पंजाब के पानी, दिल्ली की वायु गुणवत्ता, सरकारी स्कूलों की स्थिति, पब्लिक हेल्थकेयर, रेलवे यात्रियों की समस्याएं, मेंस्ट्रुअल हेल्थ, बेरोजगारी और महंगाई जैसे गंभीर मुद्दे उठाए हैं.

चड्ढा ने कहा कि वह संसद में “इंपैक्ट क्रिएट” करने के लिए गए हैं, न कि हंगामा करने के लिए. उन्होंने जोर देते हुए कहा कि संसद करदाताओं के पैसे से चलती है, इसलिए वहां जनता के मुद्दों पर गंभीर चर्चा होनी चाहिए. राघव चड्ढा ने कहा कि मेरे खिलाफ लगाए जा रहे सभी आरोपों का जवाब दिया जाएगा और हर झूठ को बेनकाब किया जाएगा. उन्होंने कहा,“मैं घायल हूं, इसलिए घातक हूं.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *