नोएडा: दिल्ली के मालवीय नगर में हुई दुखद अग्निकांड की घटना और नोएडा में हाल के दिनों में सामने आए आग लगने के मामलों के बाद फायर विभाग पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है. इसी क्रम में दमकल विभाग की टीम ने सेक्टर-16 स्थित प्रसिद्ध होटल सवॉय सूट्स में औचक निरीक्षण किया और वहां मौजूद अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की गहन जांच की.
46 कमरों वाले इस होटल में फायर एनओसी के नियमों के तहत लगाए गए सभी सुरक्षा उपकरणों की जांच की गई. अधिकारियों ने यह सुनिश्चित किया कि फायर फाइटिंग सिस्टम, स्प्रिंकलर, हौज पाइप और अन्य सुरक्षा उपकरण सही तरीके से काम कर रहे हैं या नहीं. साथ ही होटल कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में बचाव और राहत कार्यों की जानकारी भी दी गई.निरीक्षण के दौरान फायर विभाग की टीम ने ग्राउंड फ्लोर से लेकर विभिन्न मंजिलों तक कमरों के अंदर जाकर फायर फाइटिंग उपकरणों की जांच की. स्प्रिंकलर और हौज पाइप की बारीकी से पड़ताल की गई तथा यह भी देखा गया कि आपात स्थिति में पानी की सप्लाई हर कमरे तक प्रभावी ढंग से पहुंच रही है या नहीं.
राहत की बात यह रही कि औचक निरीक्षण के दौरान होटल में स्थापित सभी अग्नि सुरक्षा उपकरण पूरी तरह कार्यशील पाए गए. होटल प्रबंधन और स्टाफ ने अधिकारियों के सामने अलार्म सिस्टम, पीए (पब्लिक एड्रेस) सिस्टम, एग्जिट साइन और हाइड्रेंट सिस्टम का सफल प्रदर्शन भी किया. मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) प्रदीप कुमार चौबे ने बताया, ‘पिछले कुछ दिनों में शहर के कई होटलों का निरीक्षण किया गया है. जिन प्रतिष्ठानों में सुरक्षा संबंधी कमियां मिली हैं, उन्हें नोटिस जारी किया गया है.’
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि दो दिन बाद दोबारा सरप्राइज चेकिंग की जाएगी और यदि सुरक्षा मानकों की अनदेखी पाई गई तो संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ सीलिंग जैसी कड़ी कार्रवाई की जाएगी. सीएफओ ने बताया कि अब तक दो दर्जन से अधिक होटलों की जांच की जा चुकी है और भविष्य में भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि किसी भी संभावित हादसे को समय रहते रोका जा सके.

