उत्तर प्रदेश

गोंडा दौरे पर मुख्यमंत्री योगी, 515.6 करोड़ की परियोजनाओं से विकास को दी नई रफ्तार

उत्तर प्रदेश: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को एक दिवसीय दौरे पर गोंडा पहुंचे, जहां उन्होंने कर्नलगंज विधानसभा क्षेत्र के चकरौत गांव में 515.6 करोड़ के विकास परियोजनाओं की सौगात दी. सीएम ने कर्नलगंज और कटरा बाजार विधानसभा क्षेत्रों के लिए 262 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया.

इस दौरान सीएम योगी ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि अब उत्तर प्रदेश में उत्सवों, पर्व और त्यौहार में कोई व्यवधान नहीं डाल सकता. अगर कोई रंग में भंग डालेगा तो भुगतेगा. उसका वर्तमान तो जाएगा ही भविष्य भी स्वाहा होगा.

सीएम ने कहा कि पहले राम का नाम लेने पर ही प्रतिबंध था. अयोध्या में राम का नाम लेने पर लाठी और गोली मिलती थी. अब तो अयोध्या में रामभक्त ही जाता है, रामद्रोही को जाने की इजाजत नहीं है. वहां ऐसी व्यवस्था कर दी गई है कि रामद्रोही घुस नहीं सकता.

इस दौरान सीएम ने कहा कि गोंडा जनपद का पौराणिक इतिहास है. देश के स्वाधीनता आंदोलन में गोंडा का महत्त्वपूर्ण योगदान है, लेकिन आजादी के बाद विकास के बजाय तुष्टिकरण हुआ. गोंडा जनपद भाई-भतीजावाद की भेंट चढ़ गया था, जिससे यहां के नौजवानों के सामने पहचान का संकट खड़ा हो गया. गोंडा का नाम सुनकर लोग 10 कदम पीछे हट जाते थे. अब डबल इंजन की भाजपा सरकार ने विकास कार्य किया है, आज आप पहचान के लिए मोहताज नहीं हैं. वहीं, कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने मंच पर विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित किया. उन्हें डेमो चेक, चाबी और स्वीकृति पत्र प्रदान किया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *