दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी आज अपने 47वें स्थापना दिवस पर पूरे देश में मना रही है. पार्टी मुख्यालय में ध्वजारोहण, पुष्पांजलि और कार्यकर्ता सम्मेलनों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जहां वीडियो संदेश के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संबोधित किया वहीं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने पार्टी कार्यकर्ताओं को पार्टी मुख्यालय से संबोधित किया.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए भावुक होकर कहा कि, ‘भाजपा हमारी मां है’. भाजपा के 47वें स्थापना दिवस पर जहां देशभर में पार्टी कार्यालयों में झंडातोलन किया गया, वहीं पार्टी के दिल्ली स्थित मुख्यालय में भी भाजपा अध्यक्ष ने भी पार्टी का झंडा को फहराते हुए कार्यकर्ताओं में जोश भरा.
My message to fellow BJP Karyakartas on the Party’s Sthapana Diwas. #47YearsOfNationFirst@BJP4India
https://t.co/rI3W3w1UtP— Narendra Modi (@narendramodi) April 6, 2026
इस मौके पर चुनावी सभा में होने की वजह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यकर्ताओं को वीडियो संदेश के माध्यम से संबोधित किया. इस मौके पर भावुक संदेश देते हुए पीएम मोदी ने कहा कि, ‘जैसे भारत मेरी मां है, वैसे ही भाजपा भी मेरी मां है.’ मां की सेवा कभी कृपा नहीं होती, वह तो समर्पण का भाव होता है.” पीएम मोदी ने कार्यकर्ताओं की निस्वार्थ सेवा, अटूट समर्पण और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की सराहना की.
उन्होंने कहा कि पार्टी के लाखों कार्यकर्ताओं के त्याग और परिश्रम ने भाजपा को विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनाया है. पीएम मोदी ने नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीनन की सराहना करते हुए कहा कि नितिन नबीन के नेतृत्व में पहली बार ये पांच राज्यों के चुनाव हो रहे हैं और नबीन जिनके आने से पार्टी में काफी नवीनता भी आई है. उन्होंने कहा कि देश जानता है, हर चुनौती का सामना करने के लिए भाजपा ईमानदारी से कोशिश कर रही है, आगे भी करेगी. पहले भी सकारात्मक नतीजे मिले हैं और आगे भी मिलेंगे.
पीएम मोदी ने कहा कि, अंग्रेजों के दौर के सैकड़ों काले कानूनों का अंत, लोकतंत्र के लिए नए संसद भवन का निर्माण, सामान्य समाज के गरीबों के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण, कानून बनाकर तीन तलाक पर रोक, सीएए, अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण… ऐसे कितने ही काम हैं, जो भाजपा के ईमानदार प्रयासों का नतीजा है और हमारा मिशन अभी भी जारी है. उन्होंने कहा कि, यूनिफॉर्म सिविल कोड, वन नेशन वन इलेक्शन ऐसे सभी विषयों पर आज देश में एक गंभीर चर्चा हो रही है.
पीएम मोदी ने कहा कि, वे 1984 का वह दौर भूल नहीं सकते जब कांग्रेस ने रिकॉर्ड सीटें जीतीं, लेकिन देश की जनता देख रही थी कि कैसे कांग्रेस सत्ता हासिल करके उसके साथ विश्वासघात कर रही है. ऐसे में भाजपा पर देशवासियों का भरोसा बढ़ता रहा और भाजपा धीरे धीरे चुनाव जीतने लगी. हमारे आने से देश की राजनीति में दो धाराएं स्पष्ट हो गईं. एक धारा बनी सत्ता आधारित राजनीति तो दूसरी धारा बनी सेवा आधारित राजनीति.
उन्होंने कहा कि, आज भाजपा जिस शिखर पर है, उसकी चमक सबको दिखती है, लेकिन यहां तक पहुंचने में लाखों कार्यकर्ताओं का जो श्रम है, उन्होंने तप, त्याग की पराकाष्ठा की है, ये वही जान सकता है, जो इस पार्टी के संकल्पों के लिए समर्पित होकर स्वयं इस साधना का हिस्सा रहा है. पीएम मोदी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष की तारीफ करते हुए कहा कि इस समय जिन पांच राज्यों में चुनाव है, वहां भी पार्टी में एक नई ऊर्जा देख रहा हूं. कार्यशैली में नयापन देख रहा हूं. ऐसा लग रहा है, नबीन ने पार्टी में नवीनता भर दी है.
इस मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जनसंघ काल से चले आ रहे राष्ट्रवाद को प्रेरणा का स्रोत बताया. उन्होंने कहा कि भाजपा कोई साधारण राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि एक विचारधारा है, जिसमें ‘राष्ट्र प्रथम, पार्टी अगली, स्वयं अंतिम’ का मंत्र हर कार्यकर्ता के हृदय में बसा है.
नबीन ने लाखों कार्यकर्ताओं के तप, त्याग और बलिदान को श्रद्धांजलि दी तथा पार्टी में नई ऊर्जा और नवीनता लाने का संकल्प व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि अंग्रेजों के काले कानूनों का अंत, नए संसद भवन का निर्माण, 10 प्रतिशत आरक्षण, तीन तलाक पर रोक, सीएए, राम मंदिर निर्माण, यूनिफॉर्म सिविल कोड और वन नेशन वन इलेक्शन जैसे मुद्दों पर भाजपा का ईमानदार प्रयास जारी है. उन्होंने सेवा आधारित राजनीति और ‘राष्ट्र प्रथम’ के सिद्धांत को भाजपा की पहचान बताया.
भाजपा की स्थापना 6 अप्रैल 1980 को हुई थी इस मौके पर पीएम मोदी ने पार्टी के संस्थापक सदस्यों को भी याद किया और उन्हें भी नमन किया. पार्टी स्थापना दिवस पर पूरे देश में ध्वजारोहण, सेवा कार्यक्रम और ‘47 Years of Nation First’ के संकल्प के साथ मना रही है. इस अवसर पर भाजपा नेतृत्व ने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे विकसित भारत 2047 के सपने को साकार करने के लिए और अधिक समर्पण के साथ काम करें. क्योंकि राष्ट्र प्रथम का यह मंत्र आज भी पार्टी की आत्मा है.

